Saturday, 29 August 2026

धूप संग बारिश : दिलचस्प लोककथाओं का मौसम

धूप संग बारिश : दिलचस्प लोककथाओं का मौसम

बारिश और धूप का एक साथ होना मौसम विज्ञान की दृष्टि से कोई असाधारण घटना नहीं है। बादल का एक छोटा-सा टुकड़ा बरस रहा हो और सूर्य की किरणें उसके आसपास से धरती तक पहुँच रही हों तो एक अलग सा दृश्य बन जाता है, जिसे अंग्रेजी में सन शावर कहा जाता है। लेकिन लोकजीवन को मौसम विज्ञान से कभी संतोष नहीं हुआ। उसे हर विचित्र दृश्य के पीछे कोई कहानी, कोई विवाह, कोई शरारत, कोई उत्सव या कोई अदृश्य पात्र चाहिए। यही कारण है कि दुनिया के अलग-अलग समाजों ने इस एक जैसी प्राकृतिक घटना से बने दृश्य और वातावरण के लिए कितनी ही अलग-अलग और कल्पनाशील कहावतें गढ़ लीं हैं।

भारत के अनेक हिस्सों में जब धूप के बीच बारिश होने लगती है तो बच्चों को बताया जाता है कि चिड़ा और चिड़िया का विवाह हो रहा है। कहीं इसे सियार का ब्याह कहा जाता है तो कहीं लोमड़ी की शादी। बिहार में सियार के बियाह का उल्लेख मिलता है और महाराष्ट्र, मलयालम तथा ओड़िया भाषाई क्षेत्रों में भी लोमड़ी के विवाह से जुड़ी अभिव्यक्तियाँ मिलती हैं।

इसमें हमारे लोकमानस की अद्भुत सरलता दिखाई देती है। प्रकृति में जब दो विरोधी दृश्य एक साथ दिखाई दिए—धूप भी है और बारिश भी—तो मनुष्य ने मान लिया कि जरूर कोई शुभ अवसर होगा। विवाह से अधिक सुंदर अवसर आखिर दूसरा कौन-सा हो सकता है? एक तरफ सूर्य वरमाला की तरह चमक रहा है और दूसरी तरफ बादल कन्यादान के आँसू बहा रहे हैं।

लेकिन दुनिया घूमने पर पता चलता है कि इस विवाह में भारत अकेला नहीं है। बल्कि ऐसा लगता है कि मौसम विभागों के बनने से बहुत पहले ही पूरी दुनिया ने अपने-अपने हिसाब से एक अंतरराष्ट्रीय विवाह सम्मेलन आयोजित कर रखा था।

जापान में धूप के साथ बारिश को कित्सुने नो योमेइरी यानी लोमड़ी का विवाह कहा जाता है। जापानी लोकविश्वास में लोमड़ी यानी कित्सुने कोई साधारण जीव नहीं, बल्कि रहस्यमय और रूप बदल सकने वाला प्राणी है। लोककथाओं में कभी-कभी उसके विवाह की बारात भी ऐसे ही धूप-बारिश के बीच निकलती है।

इसका एक अद्भुत साहित्यिक और सिनेमाई रूप भी दिखाई देता है। जापानी फिल्मकार अकीरा कुरोसावा ने अपनी फिल्म  ड्रीम्स के आरंभिक दृश्य में इसी धूप-बारिश वाले वातावरण को फॉक्स वेडिंग  की लोककल्पना से जोड़ा था।

कोरिया ने भी मौसम के इस विवाह समारोह में अपनी ओर से पशु-प्रतिनिधि भेजे हैं। वहाँ कहीं इसे लोमड़ी के विवाह का दिन कहा जाता है तो कहीं बाघ के विवाह का दिन। फॉक्स रैन और टाइगर रैन जैसे नाम भी मिलते हैं।

लगता है भारत में चिड़ा-चिड़िया, जापान में लोमड़ी और कोरिया में कभी लोमड़ी तो कभी बाघ। लगता है एशिया में मौसम में ऐसा वातावरण बनते ही जीव-जंतुओं की विवाह योग्य आयु पर विशेष ध्यान दिया जाता रहा है।

दक्षिण अफ्रीका ने इस मामले में शादी को और लोकतांत्रिक बना दिया। वहाँ अंग्रेजी में इसे मंकी वेडिंग  यानी बंदरों की शादी कहा जाता है। अफ्रीकी ज़ुलु परंपरा में भी इससे मिलती जुलती धारणा मिलती है। दक्षिण अफ्रीकी अंग्रेजी में यह वाक्यांश काफी प्रचलित रहा है।

पोलैंड की कल्पना थोड़ी अलग है। वहाँ लोक कहावत में धूप और बारिश के साथ बाबा यागा मक्खन बना रही होती हैं—अर्थात चुड़ैल अपने काम में लगी हुई है। पोलिश लोक अभिव्यक्ति में सूर्य चमकने और बारिश होने को बाबा यागा के मक्खन बनाने से जोड़ा जाता है। यह दिलचस्प है कि पोलैंड ने विवाह के बजाय गृहस्थी चुन ली। जहाँ बाकी देश बारात निकाल रहे हैं, वहाँ बाबा यागा रसोई में मक्खन मथ रही हैं। शायद वहाँ के लोक मानस को मालूम था कि विवाह के बाद अंततः मक्खन और मिठाई ही बनाना पड़ती है।

अरब क्षेत्र की भाषाई परंपराओं में इसी घटना के लिए चूहों की शादी जैसी अभिव्यक्ति का उल्लेख मिलता है। तुर्की में शैतानों के विवाह की कल्पना की गई है। और अमेरिका के दक्षिणी हिस्सों में एक विचित्र और कुछ डरावनी कहावत प्रचलित रही है—“शैतान अपनी पत्नी की पिटाई कर रहा है।” यहाँ आते-आते मौसम का रोमांस घरेलू हिंसा में बदल जाता है। भारत में बादल बरस रहे हैं तो किसी मासूम चिड़िया की शादी हो रही है, जापान में लोमड़ी की बारात निकल रही है, दक्षिण अफ्रीका में बंदर विवाह कर रहे हैं और अमेरिका में शैतान की गृहस्थी में कलह मची हुई है।

लिथुआनिया में इसके लिए एक और मार्मिक कल्पना मिलती है—अनाथों के आँसू। वहाँ लोक विश्वास में बारिश को अनाथ बच्चों के आँसुओं से जोड़ा गया और धूप को उन आँसुओं को सुखाने वाला माना गया।

अफ्रीका की कुछ परंपराओं में यह विवाह से और आगे जाकर लकड़बग्घे के बच्चे पैदा करने जैसी घटना बन जाती है। यानी जहाँ एशिया में शादी है, वहाँ अफ्रीका के कुछ हिस्सों में परिवार नियोजन का अगला चरण भी पूरा हो चुका है।

इन सारी कल्पनाओं में एक बात समान है। मनुष्य ने प्रकृति की विसंगति को केवल विसंगति मानकर छोड़ नहीं दिया। उसने उसे कथा में बदल दिया। जहाँ सूर्य और बादल का गणित समझ में नहीं आया, वहाँ उसने लोमड़ी खोज ली। जहाँ बारिश और धूप का मेल अजीब लगा, वहाँ बंदरों की शादी करा दी। कहीं शैतान को पत्नी के साथ खड़ा कर दिया, कहीं चुड़ैल को मक्खन मथने बैठा दिया और कहीं अनाथ बच्चों के आँसू आसमान से बरसा दिए।

विज्ञान कहता है कि बारिश और धूप का एक साथ होना प्रकाश और वर्षा की भौतिक परिस्थितियों का परिणाम है। लोककथा कहती है—नहीं साहब, इतनी आसानी से नहीं। जरूर कोई शादी हो रही है। और शायद यही लोकजीवन की खूबसूरती है। विज्ञान हमें बताता है कि बारिश क्यों हो रही है, लोककथा हमें बताती है कि उस समय हो क्या रहा है।

आकाश एक ही है, बारिश वही है, धूप वही है—बस हर देश ने उसकी अपनी कहानी लिख ली है।


ब्रजेश कानूनगो 




 

Thursday, 27 August 2026

भूख के साहित्य में भरे पेट की आवाज

भूख के साहित्य में भरे पेट की आवाज

साहित्य समाज का आईना कहा जाता है। लेकिन आईना भी वही दिखाता है जो उसके सामने खड़ा हो। यदि आईने के सामने लगातार वही लोग खड़े रहें जिनके चेहरे पर सुविधा की चमक है, तो उसमें भूख, बेरोजगारी, अभाव और विवशता के चेहरे दिखाई कैसे देंगे? आज साहित्य की दुनिया को देखते हुए यही प्रश्न बार-बार सामने आता है कि क्या हमारे साहित्य में समाज का वह बड़ा हिस्सा पर्याप्त रूप से उपस्थित है, जो आज भी दो वक्त की रोटी, बच्चों की फीस, इलाज और रोजगार जैसी बुनियादी चिंताओं में उलझा हुआ है?

आज साहित्य सृजन के लिए समय, साधन और सुविधा चाहिए। जिसके पास पेट भरने के बाद भी कुछ समय बचता है, वही उस समय को कविता, कहानी, आलोचना और संस्मरण में लगा सकता है। जिसके पास इंटरनेट है, कंप्यूटर या स्मार्टफोन है, पुस्तकें खरीदने की क्षमता है, साहित्यिक आयोजनों तक पहुंचने का साधन है और अपनी रचनाओं के प्रकाशन पर होने वाले खर्च को वहन करने की सामर्थ्य है, उसके लिए साहित्य की दुनिया में प्रवेश अपेक्षाकृत आसान है। इसके विपरीत जिसके घर में महीने की आखिरी तारीखों में आटे और दाल का हिसाब लगाना पड़ता है, उसके सामने साहित्य नहीं, जीवन पहले खड़ा होता है।

पहले अभावग्रस्त परिवारों से भी लेखक निकलते थे। उन्होंने भूख देखी थी, मजदूरी की थी, खेतों में काम किया था, छोटे कस्बों और गांवों की धूल खाई थी। उनके पास साहित्य की बड़ी-बड़ी शब्दावलियां भले न हों, लेकिन जीवन का वास्तविक शब्दकोश था। वे गरीबी पर शोध नहीं करते थे, गरीबी उनके अनुभव में दर्ज थी। वे श्रमिक के दुख पर कल्पना नहीं करते थे, उन्होंने श्रम किया था। वे किसान की चिंता को विषय बनाकर नहीं खोजते थे, वह उनके घर की चिंता थी।

आज परिस्थितियां बदल गई हैं। अभावग्रस्त व्यक्ति के लिए साहित्य में प्रवेश करना भी एक तरह का आर्थिक निर्णय बन गया है। वह लिखना चाहता है, लेकिन लिखने से पहले उसे कमाना पड़ता है। वह पुस्तक पढ़ना चाहता है, लेकिन पहले बच्चों की किताबें खरीदनी पड़ती हैं। वह साहित्यिक गोष्ठी में जाना चाहता है, लेकिन वहां तक पहुंचने का किराया भी उसके बजट में शामिल होता है। वह पत्रिका में लिखना चाहता है, लेकिन लेख भेजने से पहले यह भी सोचता है कि उससे उसे मिलेगा क्या।

 जब अधिकांश जगह लेखन के लिए न पर्याप्त मानदेय है, न नियमित प्रोत्साहन, तब साहित्य धीरे-धीरे उन लोगों के लिए अधिक सुविधाजनक क्षेत्र बन जाता है जिनकी आजीविका लेखन पर निर्भर नहीं है।

इस प्रकार लेखन जीवन की विवशता से निकलने वाली अभिव्यक्ति कम और सम्पन्न जीवन की हॉबी अधिक बनने लगता है। सप्ताहांत में साहित्य, शाम को कविता, महीने में एक गोष्ठी और वर्ष में एक पुस्तक—साहित्य का यह नया कैलेंडर देखने में बहुत सुंदर है। इसमें लेखक प्रसन्न है, आयोजक प्रसन्न है, श्रोता प्रसन्न हैं और तस्वीरों में साहित्य भी प्रसन्न दिखाई देता है। बस वह आदमी दिखाई नहीं देता जो पूरे दिन ईंट ढोकर लौटा है और जिसके पास अपनी थकान को कविता में बदलने के लिए न समय है, न मंच।

साहित्यिक गोष्ठियों का स्वरूप भी इस बदलाव से अछूता नहीं है। अनेक आयोजन अब साहित्यिक विमर्श से अधिक सामाजिक मेल-मिलाप जैसे लगने लगे हैं। एक-दूसरे को सुनना, एक-दूसरे की प्रशंसा करना, तस्वीरें खिंचवाना और अगली गोष्ठी में फिर मिलना—कभी-कभी साहित्य का यह संसार किटी पार्टी के अधिक निकट दिखाई देता है। फर्क इतना है कि किटी पार्टी में बचत की चर्चा होती है और साहित्यिक गोष्ठी में समाज बचाने की।

विडंबना तब और बढ़ जाती है जब अभाव में जी रहे लोगों के बारे में निर्णय लेने का अधिकार भी सम्पन्न वर्ग अपने पास सुरक्षित रख लेता है। प्याज महंगा हो गया है तो प्याज छोड़ दीजिए। शक्कर महंगी है तो शक्कर वैसे भी स्वास्थ्य के लिए अच्छी नहीं। दूध महंगा है तो चाय कम कर दीजिए। फल महंगे हैं तो मौसमी फल खाइए। गरीब को मुफ्त भोजन मिल रहा है तो यह भी सोचिए कि उसका खर्च हमारे टैक्स से क्यों उठाया जा रहा है।

इन तर्कों में एक विचित्र सुविधा छिपी है। जिस चीज की कीमत बढ़ती है, सम्पन्न व्यक्ति उसके विकल्प खोज लेता है और फिर उसे जीवन-दर्शन का नाम दे देता है। गरीब के लिए महंगाई पेट पर पड़ती है, सम्पन्न के लिए वह खान-पान की पसंद बदलने का अवसर बन जाती है। गरीब के लिए प्याज छोड़ना भोजन का स्वाद छोड़ना है; सम्पन्न के लिए यह स्वास्थ्य-सुधार की सलाह है।

सबसे बड़ी विडंबना यह है कि समाज के वंचित वर्ग के जीवन पर सबसे अधिक लेखन वही लोग करते हैं जिनके जीवन में उस अभाव का प्रत्यक्ष अनुभव नहीं है। यह जरूरी नहीं कि लेखक स्वयं हर पीड़ा से गुजरे तभी उसके बारे में लिख सके। संवेदना कल्पना को अनुभव के निकट ले जा सकती है। लेकिन जिस समाज में पीड़ित स्वयं बोलने की स्थिति में न हो और उसकी ओर से बोलने वाले भी उसी वर्ग से आते रहें जिसके पास साधन और मंच दोनों हैं, वहां प्रतिनिधित्व का प्रश्न उठना स्वाभाविक है।

गरीब की कहानी लिखना और गरीब को अपनी कहानी लिखने का अवसर देना दो अलग बातें हैं।

पहली स्थिति में गरीब साहित्य का विषय है। दूसरी स्थिति में वह साहित्य का सृजनकर्ता बनता है। साहित्य का लोकतंत्र तभी पूर्ण होगा जब दूसरी स्थिति भी मजबूत होगी।

इसके लिए साहित्यिक संस्थाओं और पत्र-पत्रिकाओं को अपने दायित्व पर पुनर्विचार करना होगा। आर्थिक रूप से कमजोर लेखकों के लिए निःशुल्क या कम लागत वाले मंच तैयार करने होंगे। नई प्रतिभाओं को प्रकाशन के अवसर देने होंगे। जहां संभव हो, लेखन का मानदेय सुनिश्चित करना होगा। साहित्यिक आयोजन केवल पहले से पहचाने हुए चेहरों का उत्सव न बनकर उन आवाजों की तलाश भी करें जो अभी तक मंच तक नहीं पहुंची हैं।

यह भी आवश्यक है कि साहित्यकार अभाव को केवल एक आकर्षक विषय की तरह न देखें। गरीबी को साहित्यिक सौंदर्यशास्त्र में बदल देना आसान है। किसी मजदूर की फटी कमीज पर कविता लिखना आसान है, लेकिन उस मजदूर की बात सुनना कठिन है। किसान की आत्महत्या पर संवेदनशील लेख लिखना आसान है, लेकिन कृषि व्यवस्था की जटिलताओं को समझना कठिन है। भूख पर कहानी लिखना आसान है, लेकिन भूखे आदमी को सम्मान के साथ भोजन उपलब्ध कराने की सामाजिक जिम्मेदारी स्वीकार करना कठिन है।

साहित्य की संवेदना अगर जीवन में उतरती ही नहीं, तो वह केवल शब्दों की सजावट बनकर रह जाती है।

हमें यह भी समझना होगा कि साहित्य का उद्देश्य केवल मनोरंजन या प्रतिष्ठा प्राप्त करना नहीं है। साहित्य समाज की स्मृति भी है और उसकी अंतरात्मा भी। यदि उसमें केवल सम्पन्न वर्ग की आकांक्षाएं, यात्राएं, अकेलापन, प्रेम, अवसाद और सुविधाएं दर्ज होंगी और करोड़ों लोगों का संघर्ष केवल आंकड़ों में रह जाएगा, तो आने वाली पीढ़ियां हमारे समय को किस साहित्य से समझेंगी?

एक ऐसा साहित्य जिसमें महंगे रेस्तरां की मेज पर बैठकर भूख पर चर्चा तो हो, लेकिन भूखे आदमी की आवाज न हो, वह कितना भी कलात्मक क्यों न हो, अधूरा रहेगा।

हमें साहित्य को फिर से समाज के बीच ले जाना होगा। पुस्तकालयों को केवल शहरों के सभागारों से बाहर निकालना होगा। साहित्यिक मंचों को उन बस्तियों, गांवों, मजदूर इलाकों और छोटे कस्बों तक पहुंचना होगा जहां जीवन अपनी सबसे वास्तविक कहानियां लिख रहा है। वहां शायद भाषा कुछ अलग मिले, व्याकरण कुछ कमजोर मिले, लेकिन जीवन अधिक सच्चा मिलेगा। साहित्य की सबसे बड़ी ताकत उसकी भाषा की चमक नहीं, उसकी संवेदना की सच्चाई है।

जिस दिन साहित्य में गरीब पर लिखने वाले बहुत होंगे, लेकिन गरीब स्वयं लिखने वाला कोई नहीं होगा, उस दिन हमें अपने साहित्य की सम्पन्नता पर फिर से विचार करना चाहिए।

और शायद तब यह सवाल भी पूछना चाहिए—क्या हमारा साहित्य सचमुच समाज का आईना है, या फिर केवल उन लोगों का दर्पण है जिनके पास उसे खरीदने और उसमें अपना चेहरा देखने की सुविधा है?

ब्रजेश कानूनगो


Wednesday, 19 August 2026

कितने अलग हैं पुरानी और नई पीढ़ी के संघर्ष

कितने अलग हैं पुरानी और नई पीढ़ी के संघर्ष 

कल की पीढ़ी जब अपने हिस्से के अधिकार, सम्मान और बेहतर जीवन के लिए संघर्ष कर रही थी, तब आज की युवा पीढ़ी अक्सर उसे केवल देख रही थी। उसे लगता था कि यह बुजुर्गों की लड़ाई है—उनकी समस्याएँ हैं, उनके समय की व्यवस्था है और उनके संघर्ष भी उसी समय तक सीमित हैं। युवा अपनी पढ़ाई, नौकरी, करियर और निजी जीवन की दौड़ में व्यस्त था। व्यवस्था जैसी थी, उसे वैसी ही स्वीकार कर लेना शायद उसकी व्यावहारिकता थी।

लेकिन समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता। आज परिस्थितियाँ बदल रही हैं। जिस युवा और जेन जी को पिछली पीढ़ी कभी अपने संघर्षों से दूर खड़ा देखती थी, वही युवा अब व्यवस्था के सामने सवाल लेकर खड़ा है। वह केवल अपने रोजगार, शिक्षा या सुविधाओं की बात नहीं कर रहा, बल्कि उस पूरी व्यवस्था पर प्रश्न उठा रहा है जिसमें उसे अपना भविष्य दिखाई देता है। वह पूछ रहा है कि अवसर सबके लिए समान क्यों नहीं हैं? शिक्षा इतनी महँगी क्यों होती जा रही है? रोजगार के बावजूद स्थिरता क्यों नहीं है? प्रतियोगिता लगातार कठिन और अवसर लगातार सीमित क्यों होते जा रहे हैं? और सबसे महत्वपूर्ण—निर्णय लेने वाली व्यवस्थाओं में उसकी आवाज कहाँ है?

यहीं इस समय का एक महत्वपूर्ण सामाजिक परिवर्तन दिखाई देता है। आज पुरानी पीढ़ी अपने बच्चों के पीछे खड़ी दिखाई देने लगी है। यह केवल भावनात्मक समर्थन नहीं है। इसके पीछे अनुभव और भविष्य की चिंता दोनों हैं। माता-पिता समझने लगे हैं कि उनके बच्चे जिन परिस्थितियों से जूझ रहे हैं, वे केवल युवाओं की समस्या नहीं हैं। यदि आज का युवा बेरोजगारी, असमान अवसर, महँगी शिक्षा, सामाजिक असुरक्षा अथवा प्रशासनिक जटिलताओं से परेशान है तो कल इसका प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ेगा। इसलिए पीढ़ियों के बीच जो दूरी कभी दिखाई देती थी, वह धीरे-धीरे कम हो रही है।

पहले पिता अपने बेटे से कहते थे—“हमने भी संघर्ष किया है, तुम भी कर लो।” अब वही पिता पूछ रहा है—“तुम्हें संघर्ष करना ही क्यों पड़े, जब व्यवस्था को बेहतर किया जा सकता है?” यह बदलाव मामूली नहीं है। नई पीढ़ी का संघर्ष पुराने ढंग के संघर्ष से कुछ अलग है। पुरानी पीढ़ी के सामने अक्सर स्पष्ट शत्रु था—गरीबी, अशिक्षा, सामंती मानसिकता, बेरोजगारी या सामाजिक भेदभाव। आज के युवा के सामने समस्या अधिक जटिल है। वह ऐसी दुनिया में रह रहा है जहाँ सूचना की कोई सीमा नहीं, लेकिन अवसरों की सीमा दिखाई देती है। सोशल मीडिया ने उसे दुनिया से जोड़ दिया है, लेकिन उसी ने यह भी दिखा दिया है कि उसके और दूसरों के अवसरों में कितना अंतर है। उसके पास आवाज है, मंच है और संवाद की क्षमता है; इसलिए वह चुप रहकर परिस्थितियों को स्वीकार करने के लिए पहले की तुलना में कम तैयार है। यही कारण है कि आज का युवा केवल शिकायत नहीं करना चाहता, वह भागीदारी चाहता है।

जेन जी की सबसे बड़ी विशेषता शायद यही है कि वह स्थापित मान्यताओं को स्वाभाविक सत्य मानने के बजाय उनसे सवाल करता है। उसे यह समझाने से काम नहीं चलता कि “व्यवस्था हमेशा से ऐसी ही रही है।” उसके लिए यह पर्याप्त तर्क नहीं है। वह पूछता है—अगर व्यवस्था गलत है तो उसे बदला क्यों नहीं जा सकता? इस प्रश्न में लोकतंत्र की वास्तविक ऊर्जा छिपी है।

हालाँकि युवा आक्रोश अपने आप में परिवर्तन की गारंटी नहीं है। सड़क पर उतरना, सोशल मीडिया पर आवाज उठाना, ट्रेंड चलाना या व्यवस्था की आलोचना करना शुरुआत हो सकता है, अंत नहीं। परिवर्तन के लिए विचार, संगठन, धैर्य और वैकल्पिक व्यवस्था की समझ भी आवश्यक है। युवा यदि केवल असंतोष व्यक्त करेगा तो उसका आक्रोश क्षणिक हो सकता है; लेकिन यदि वह अपने प्रश्नों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, नीतिगत बहस और सामाजिक भागीदारी से जोड़ता है तो वही आक्रोश परिवर्तन की शक्ति बन सकता है।

और यहाँ पुरानी पीढ़ी की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण हो जाती है। उसके पास अनुभव है। युवा के पास ऊर्जा। पुरानी पीढ़ी के पास धैर्य है। युवा के पास गति। पुरानी पीढ़ी ने व्यवस्थाओं को बनते-बिगड़ते देखा है; नई पीढ़ी उन्हें बदलने का साहस रखती है। यदि दोनों एक-दूसरे को प्रतिद्वंद्वी मानने के बजाय सहयोगी मानें तो यह पीढ़ियों का टकराव नहीं, पीढ़ियों का संवाद बन सकता है।

दरअसल, लोकतांत्रिक समाज में पीढ़ियों का यही स्वाभाविक क्रम होना चाहिए। एक पीढ़ी रास्ता बनाती है, दूसरी उस रास्ते की कमियाँ पहचानती है और तीसरी उसे आगे ले जाती है। समस्या तब पैदा होती है जब पुरानी पीढ़ी अपनी बनाई हुई व्यवस्था को अंतिम सत्य मान ले और नई पीढ़ी उसे बदलने की कोशिश को अपनी अवज्ञा समझे।

आज का दृश्य इससे उलट दिखाई दे रहा है। युवा जब अपने भविष्य के लिए उठ खड़ा हुआ तो उसके पीछे खड़े माता-पिता ने शायद पहली बार महसूस किया कि बच्चों की लड़ाई वास्तव में उनके अपने भविष्य की भी लड़ाई है। यह परिवर्तन इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि इससे संघर्ष का सामाजिक आधार व्यापक होता है। जब किसी युवा के साथ केवल उसके मित्र नहीं, बल्कि उसके माता-पिता और परिवार खड़े होते हैं, तब उसका प्रश्न निजी नहीं रहता। वह सार्वजनिक प्रश्न बन जाता है। लेकिन इस एकता को अंधे समर्थन में बदलने से भी बचना होगा। पुरानी पीढ़ी का अनुभव युवाओं को विवेक दे और युवाओं की ऊर्जा पुरानी पीढ़ी को नए प्रश्नों से परिचित कराए—तभी यह गठजोड़ सार्थक होगा। दोनों पीढ़ियों को एक-दूसरे से सीखना होगा।

सवाल यह नहीं है कि कौन-सी पीढ़ी सही है। सवाल यह है कि आने वाली पीढ़ी को कैसी दुनिया मिलेगी।

कल की पीढ़ी ने अपने लिए संघर्ष किया था। आज की पीढ़ी उस संघर्ष से आगे बढ़कर व्यवस्था को बदलने की कोशिश कर रही है। और आज की पुरानी पीढ़ी अपने बच्चों के साथ खड़ी होकर शायद पहली बार यह स्वीकार कर रही है कि केवल अपने समय को बेहतर बना लेना पर्याप्त नहीं था; अगली पीढ़ी के लिए बेहतर व्यवस्था छोड़ जाना भी उतना ही जरूरी है।

शायद यही इस समय का सबसे आशाजनक परिवर्तन है—पहले पीढ़ियाँ एक-दूसरे को देखती थीं, अब वे एक-दूसरे के साथ खड़ी होने लगी हैं।और जब अनुभव और ऊर्जा एक साथ खड़े होते हैं, तब बदलाव केवल नारा नहीं रहता, वह सामाजिक संभावना बन जाता है।


ब्रजेश कानूनगो 


Wednesday, 12 August 2026

विकास की प्राथमिकता : पहले ग्रामीण स्कूलों और अस्पतालों तक सड़क सुधार हो

विकास की प्राथमिकता : पहले ग्रामीण स्कूलों और अस्पतालों तक सड़क सुधार हो 

विकास की तस्वीर आजकल अक्सर बहुत ऊँचाई से खींची जाती है। उसमें चौड़ी सड़कें हैं, चमचमाते एक्सप्रेस-वे हैं, लंबे फ्लाईओवर हैं, बड़े-बड़े पुल हैं और महानगरों की गति को और तेज करने वाली परियोजनाएँ हैं। तस्वीर सुंदर है, आकर्षक है और निश्चित ही विकास का एक जरूरी हिस्सा भी है। लेकिन इस तस्वीर को थोड़ा नीचे झुककर देखने पर एक दूसरा भारत दिखाई देता है—वह भारत जहाँ किसी गांव से स्कूल तक पहुँचने के लिए बच्चे बरसात में कीचड़ से गुजरते हैं, जहाँ अस्पताल तक पहुँचने में सड़क से ज्यादा मौसम बाधा बन जाता है और जहाँ गर्भवती महिला को समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाना कभी-कभी सड़क की हालत पर निर्भर करता है।

सवाल यह नहीं है कि देश को फ्लाईओवर और हाईवे चाहिए या नहीं। सवाल यह है कि विकास की प्राथमिकता क्या होनी चाहिए? क्या उस गांव की सड़क पहले सुधरे, जहाँ से बच्चे स्कूल और मरीज अस्पताल नहीं पहुँच पा रहे हैं, या उस शहर में एक और फ्लाईओवर बने जहाँ पहले से कई वैकल्पिक रास्ते मौजूद हैं? यह सवाल भावनात्मक भर नहीं, आर्थिक और सामाजिक न्याय का भी सवाल है।

भारत में ग्रामीण सड़क संपर्क को लेकर सरकार ने लंबे समय से योजनाएँ चलाई हैं। ऐसा दावा है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की शुरुआत वर्ष 2000 में ग्रामीण बस्तियों को बारहमासी सड़क से जोड़ने के उद्देश्य से हुई थी। आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 के अनुसार, जनवरी 2026 तक पात्र बस्तियों में 99.6 प्रतिशत से अधिक को संपर्क उपलब्ध कराया जा चुका था।

लेकिन 'सड़क से जुड़ जाना' और 'अच्छी सड़क से लगातार जुड़े रहना' दो अलग बातें हैं। वास्तविक स्थितियों की जो खबरें आती है, सोशल मीडिया पर रीलों में दृश्य दिखाई देते हैं तो पता चलता है कहीं सड़क है तो पुल नहीं, कहीं पुल है तो सड़क बरसात में जवाब दे देती है, कहीं सड़क स्कूल तक जाती है लेकिन स्वास्थ्य केंद्र तक नहीं। कहीं सड़क बनी तो है, पर रखरखाव के अभाव में कुछ वर्षों में फिर वही गड्ढे लौट आए हैं। लगता ही नहीं कि कभी सड़क भी बनी थी।

यही कारण है कि ग्रामीण सड़क नीति को केवल किलोमीटर में नापना पर्याप्त नहीं है। असली प्रश्न होना चाहिए—इस सड़क ने गांव के जीवन को कितना बदला? इसी दृष्टि से ग्रामीण सड़कों को कृषि बाजारों, उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों और अस्पतालों से जोड़ने पर जोर भी दिया गया है। अप्रैल 2026 में केंद्र सरकार ने इस चरण को मार्च 2028 तक जारी रखने और इसके लिए संशोधित 83,977 करोड़ रुपये के परिव्यय को मंजूरी भी दी।

एक जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना  के तहत 2024-25 से 2028-29 के बीच 25,000 ऐसी बस्तियों को बारहमासी सड़क संपर्क देने और 62,500 किलोमीटर सड़क बनाने का लक्ष्य रखा गया है। योजना में यह भी कहा गया है कि जहां संभव हो, सड़कें आसपास के सरकारी शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों, बाजारों और विकास केंद्रों को जोड़ें। लेकिन वास्तविकता कुछ और कहानी कहती है। यह ठीक है कि नीति के स्तर पर समस्या को पहचाना गया है। किंतु आवश्यकता अब इस सोच को जमीन पर प्राथमिकता देने की है।

तथ्य बताते हैं कि सड़क केवल सड़क नहीं होती। सड़क स्कूल तक पहुँचने का रास्ता है। सड़क अस्पताल तक पहुँचने का समय है। सड़क किसान के खेत से बाजार तक पहुँचने की कीमत है। सड़क गर्भवती महिला के लिए जीवन और जोखिम के बीच का अंतर हो सकती है।

इसीलिए ग्रामीण सड़क को केवल परिवहन विभाग की परियोजना मानना भी भूल होगी। यह शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और सामाजिक न्याय की साझा आधारभूत संरचना है। ऐसी सड़कों का क्या औचित्य जो रखरखाव नहीं होने से किसी काम की नहीं, केवल नागरिकों के आक्रोश का कारण बन रही हों।

हमारी विकास-चर्चा में सड़क का मूल्य अक्सर उसकी लंबाई और उसकी लागत से तय होता है। हजार करोड़ की परियोजना दिखाई देती है तो विकास बड़ा लगता है। गांव की एक करोड़ रुपये की सड़क दिखाई नहीं देती, क्योंकि उसका उद्घाटन समारोह उतना बड़ा नहीं होता। फ्लाईओवर शहर के आकाश पर दिखाई देता है; गांव की सड़क किसी बच्चे की स्कूल-कॉपी में दिखाई देती है। हमें इसी दृष्टि को बदलने की जरूरत है।

विकास का पैमाना केवल गति नहीं, पहुँच भी हो। एक हाईवे वाहन को 100 किलोमीटर प्रति घंटे की गति दे सकता है। लेकिन यदि उस हाईवे से दस किलोमीटर दूर बसे गांव का मरीज अस्पताल तक जाने वाली सड़क के गड्ढों में फँसा है तो उस तेज हाईवे का सामाजिक लाभ उसके लिए कितना है?

एक फ्लाईओवर शहर में यातायात का दस मिनट बचा सकता है। लेकिन जिस गांव की लड़की को माध्यमिक शिक्षा के लिए दूसरे गांव तक रोज जाना पड़ता है और बरसात में रास्ता बंद हो जाता है, उसके लिए अच्छी सड़क पूरे जीवन की दिशा बदल सकती है।

इसलिए विकास की प्राथमिकता तय करते समय 'कितनी गति बढ़ी' के साथ 'कितने लोग पहली बार सुविधा तक पहुँचे' भी पूछा जाना चाहिए।

किसान की उपज गांव से मुख्य सड़क तक नहीं पहुँच पा रही हो तो राष्ट्रीय राजमार्ग उसके लिए केवल दूर दिखाई देने वाला विकास है। बच्चा स्कूल तक सुरक्षित नहीं पहुँच सकता तो शिक्षा का अधिकार कागज पर है। अस्पताल भवन बना हुआ है लेकिन मरीज को वहां पहुँचने में दो घंटे लगते हैं तो स्वास्थ्य सुविधा अधूरी है।

दरअसल लक्ष्य केवल निर्माण पूरा करना नहीं होना चाहिए। सड़क बनने के बाद उसकी उम्र कितनी रही, गुणवत्ता कैसी रही और उसने कितने लोगों को स्कूल, अस्पताल और बाजार से जोड़ा—यह भी सार्वजनिक मूल्यांकन का हिस्सा होना चाहिए।

गांव की सड़क की बजाए प्राथमिकता किसी ऐसे फ्लाईओवर के ऊपर हो जाए जो केवल यातायात के कुछ मिनट बचाता है, तो प्रश्न तो उठना ही चाहिए। यह फ्लाईओवर विरोध नहीं है। यह प्राथमिकता का आग्रह है।

हमें एक्सप्रेस-वे भी चाहिए और ग्रामीण सड़कें भी। महानगरों में फ्लाईओवर भी चाहिए और गांवों में पुलिया भी। अंतर केवल इतना है कि विकास का पैमाना यह तय करे कि पहले किसकी जरूरत अधिक तत्काल और व्यापक है।

क्योंकि किसी देश की प्रगति केवल इस बात से नहीं मापी जाती कि उसकी सबसे तेज सड़क कितनी तेज है। यह भी देखना होगा कि उसकी सबसे दूर बसी बस्ती कितनी आसानी से स्कूल, अस्पताल, बाजार और रोजगार तक पहुँच सकती है।

ब्रजेश कानूनगो