धूप संग बारिश : दिलचस्प लोककथाओं का मौसम
बारिश और धूप का एक साथ होना मौसम विज्ञान की दृष्टि से कोई असाधारण घटना नहीं है। बादल का एक छोटा-सा टुकड़ा बरस रहा हो और सूर्य की किरणें उसके आसपास से धरती तक पहुँच रही हों तो एक अलग सा दृश्य बन जाता है, जिसे अंग्रेजी में सन शावर कहा जाता है। लेकिन लोकजीवन को मौसम विज्ञान से कभी संतोष नहीं हुआ। उसे हर विचित्र दृश्य के पीछे कोई कहानी, कोई विवाह, कोई शरारत, कोई उत्सव या कोई अदृश्य पात्र चाहिए। यही कारण है कि दुनिया के अलग-अलग समाजों ने इस एक जैसी प्राकृतिक घटना से बने दृश्य और वातावरण के लिए कितनी ही अलग-अलग और कल्पनाशील कहावतें गढ़ लीं हैं।
भारत के अनेक हिस्सों में जब धूप के बीच बारिश होने लगती है तो बच्चों को बताया जाता है कि चिड़ा और चिड़िया का विवाह हो रहा है। कहीं इसे सियार का ब्याह कहा जाता है तो कहीं लोमड़ी की शादी। बिहार में सियार के बियाह का उल्लेख मिलता है और महाराष्ट्र, मलयालम तथा ओड़िया भाषाई क्षेत्रों में भी लोमड़ी के विवाह से जुड़ी अभिव्यक्तियाँ मिलती हैं।
इसमें हमारे लोकमानस की अद्भुत सरलता दिखाई देती है। प्रकृति में जब दो विरोधी दृश्य एक साथ दिखाई दिए—धूप भी है और बारिश भी—तो मनुष्य ने मान लिया कि जरूर कोई शुभ अवसर होगा। विवाह से अधिक सुंदर अवसर आखिर दूसरा कौन-सा हो सकता है? एक तरफ सूर्य वरमाला की तरह चमक रहा है और दूसरी तरफ बादल कन्यादान के आँसू बहा रहे हैं।
लेकिन दुनिया घूमने पर पता चलता है कि इस विवाह में भारत अकेला नहीं है। बल्कि ऐसा लगता है कि मौसम विभागों के बनने से बहुत पहले ही पूरी दुनिया ने अपने-अपने हिसाब से एक अंतरराष्ट्रीय विवाह सम्मेलन आयोजित कर रखा था।
जापान में धूप के साथ बारिश को कित्सुने नो योमेइरी यानी लोमड़ी का विवाह कहा जाता है। जापानी लोकविश्वास में लोमड़ी यानी कित्सुने कोई साधारण जीव नहीं, बल्कि रहस्यमय और रूप बदल सकने वाला प्राणी है। लोककथाओं में कभी-कभी उसके विवाह की बारात भी ऐसे ही धूप-बारिश के बीच निकलती है।
इसका एक अद्भुत साहित्यिक और सिनेमाई रूप भी दिखाई देता है। जापानी फिल्मकार अकीरा कुरोसावा ने अपनी फिल्म ड्रीम्स के आरंभिक दृश्य में इसी धूप-बारिश वाले वातावरण को फॉक्स वेडिंग की लोककल्पना से जोड़ा था।
कोरिया ने भी मौसम के इस विवाह समारोह में अपनी ओर से पशु-प्रतिनिधि भेजे हैं। वहाँ कहीं इसे लोमड़ी के विवाह का दिन कहा जाता है तो कहीं बाघ के विवाह का दिन। फॉक्स रैन और टाइगर रैन जैसे नाम भी मिलते हैं।
लगता है भारत में चिड़ा-चिड़िया, जापान में लोमड़ी और कोरिया में कभी लोमड़ी तो कभी बाघ। लगता है एशिया में मौसम में ऐसा वातावरण बनते ही जीव-जंतुओं की विवाह योग्य आयु पर विशेष ध्यान दिया जाता रहा है।
दक्षिण अफ्रीका ने इस मामले में शादी को और लोकतांत्रिक बना दिया। वहाँ अंग्रेजी में इसे मंकी वेडिंग यानी बंदरों की शादी कहा जाता है। अफ्रीकी ज़ुलु परंपरा में भी इससे मिलती जुलती धारणा मिलती है। दक्षिण अफ्रीकी अंग्रेजी में यह वाक्यांश काफी प्रचलित रहा है।
पोलैंड की कल्पना थोड़ी अलग है। वहाँ लोक कहावत में धूप और बारिश के साथ बाबा यागा मक्खन बना रही होती हैं—अर्थात चुड़ैल अपने काम में लगी हुई है। पोलिश लोक अभिव्यक्ति में सूर्य चमकने और बारिश होने को बाबा यागा के मक्खन बनाने से जोड़ा जाता है। यह दिलचस्प है कि पोलैंड ने विवाह के बजाय गृहस्थी चुन ली। जहाँ बाकी देश बारात निकाल रहे हैं, वहाँ बाबा यागा रसोई में मक्खन मथ रही हैं। शायद वहाँ के लोक मानस को मालूम था कि विवाह के बाद अंततः मक्खन और मिठाई ही बनाना पड़ती है।
अरब क्षेत्र की भाषाई परंपराओं में इसी घटना के लिए चूहों की शादी जैसी अभिव्यक्ति का उल्लेख मिलता है। तुर्की में शैतानों के विवाह की कल्पना की गई है। और अमेरिका के दक्षिणी हिस्सों में एक विचित्र और कुछ डरावनी कहावत प्रचलित रही है—“शैतान अपनी पत्नी की पिटाई कर रहा है।” यहाँ आते-आते मौसम का रोमांस घरेलू हिंसा में बदल जाता है। भारत में बादल बरस रहे हैं तो किसी मासूम चिड़िया की शादी हो रही है, जापान में लोमड़ी की बारात निकल रही है, दक्षिण अफ्रीका में बंदर विवाह कर रहे हैं और अमेरिका में शैतान की गृहस्थी में कलह मची हुई है।
लिथुआनिया में इसके लिए एक और मार्मिक कल्पना मिलती है—अनाथों के आँसू। वहाँ लोक विश्वास में बारिश को अनाथ बच्चों के आँसुओं से जोड़ा गया और धूप को उन आँसुओं को सुखाने वाला माना गया।
अफ्रीका की कुछ परंपराओं में यह विवाह से और आगे जाकर लकड़बग्घे के बच्चे पैदा करने जैसी घटना बन जाती है। यानी जहाँ एशिया में शादी है, वहाँ अफ्रीका के कुछ हिस्सों में परिवार नियोजन का अगला चरण भी पूरा हो चुका है।
इन सारी कल्पनाओं में एक बात समान है। मनुष्य ने प्रकृति की विसंगति को केवल विसंगति मानकर छोड़ नहीं दिया। उसने उसे कथा में बदल दिया। जहाँ सूर्य और बादल का गणित समझ में नहीं आया, वहाँ उसने लोमड़ी खोज ली। जहाँ बारिश और धूप का मेल अजीब लगा, वहाँ बंदरों की शादी करा दी। कहीं शैतान को पत्नी के साथ खड़ा कर दिया, कहीं चुड़ैल को मक्खन मथने बैठा दिया और कहीं अनाथ बच्चों के आँसू आसमान से बरसा दिए।
विज्ञान कहता है कि बारिश और धूप का एक साथ होना प्रकाश और वर्षा की भौतिक परिस्थितियों का परिणाम है। लोककथा कहती है—नहीं साहब, इतनी आसानी से नहीं। जरूर कोई शादी हो रही है। और शायद यही लोकजीवन की खूबसूरती है। विज्ञान हमें बताता है कि बारिश क्यों हो रही है, लोककथा हमें बताती है कि उस समय हो क्या रहा है।
आकाश एक ही है, बारिश वही है, धूप वही है—बस हर देश ने उसकी अपनी कहानी लिख ली है।
ब्रजेश कानूनगो
No comments:
Post a Comment