Thursday, 27 August 2026

भूख के साहित्य में भरे पेट की आवाज

भूख के साहित्य में भरे पेट की आवाज

साहित्य समाज का आईना कहा जाता है। लेकिन आईना भी वही दिखाता है जो उसके सामने खड़ा हो। यदि आईने के सामने लगातार वही लोग खड़े रहें जिनके चेहरे पर सुविधा की चमक है, तो उसमें भूख, बेरोजगारी, अभाव और विवशता के चेहरे दिखाई कैसे देंगे? आज साहित्य की दुनिया को देखते हुए यही प्रश्न बार-बार सामने आता है कि क्या हमारे साहित्य में समाज का वह बड़ा हिस्सा पर्याप्त रूप से उपस्थित है, जो आज भी दो वक्त की रोटी, बच्चों की फीस, इलाज और रोजगार जैसी बुनियादी चिंताओं में उलझा हुआ है?

आज साहित्य सृजन के लिए समय, साधन और सुविधा चाहिए। जिसके पास पेट भरने के बाद भी कुछ समय बचता है, वही उस समय को कविता, कहानी, आलोचना और संस्मरण में लगा सकता है। जिसके पास इंटरनेट है, कंप्यूटर या स्मार्टफोन है, पुस्तकें खरीदने की क्षमता है, साहित्यिक आयोजनों तक पहुंचने का साधन है और अपनी रचनाओं के प्रकाशन पर होने वाले खर्च को वहन करने की सामर्थ्य है, उसके लिए साहित्य की दुनिया में प्रवेश अपेक्षाकृत आसान है। इसके विपरीत जिसके घर में महीने की आखिरी तारीखों में आटे और दाल का हिसाब लगाना पड़ता है, उसके सामने साहित्य नहीं, जीवन पहले खड़ा होता है।

पहले अभावग्रस्त परिवारों से भी लेखक निकलते थे। उन्होंने भूख देखी थी, मजदूरी की थी, खेतों में काम किया था, छोटे कस्बों और गांवों की धूल खाई थी। उनके पास साहित्य की बड़ी-बड़ी शब्दावलियां भले न हों, लेकिन जीवन का वास्तविक शब्दकोश था। वे गरीबी पर शोध नहीं करते थे, गरीबी उनके अनुभव में दर्ज थी। वे श्रमिक के दुख पर कल्पना नहीं करते थे, उन्होंने श्रम किया था। वे किसान की चिंता को विषय बनाकर नहीं खोजते थे, वह उनके घर की चिंता थी।

आज परिस्थितियां बदल गई हैं। अभावग्रस्त व्यक्ति के लिए साहित्य में प्रवेश करना भी एक तरह का आर्थिक निर्णय बन गया है। वह लिखना चाहता है, लेकिन लिखने से पहले उसे कमाना पड़ता है। वह पुस्तक पढ़ना चाहता है, लेकिन पहले बच्चों की किताबें खरीदनी पड़ती हैं। वह साहित्यिक गोष्ठी में जाना चाहता है, लेकिन वहां तक पहुंचने का किराया भी उसके बजट में शामिल होता है। वह पत्रिका में लिखना चाहता है, लेकिन लेख भेजने से पहले यह भी सोचता है कि उससे उसे मिलेगा क्या।

 जब अधिकांश जगह लेखन के लिए न पर्याप्त मानदेय है, न नियमित प्रोत्साहन, तब साहित्य धीरे-धीरे उन लोगों के लिए अधिक सुविधाजनक क्षेत्र बन जाता है जिनकी आजीविका लेखन पर निर्भर नहीं है।

इस प्रकार लेखन जीवन की विवशता से निकलने वाली अभिव्यक्ति कम और सम्पन्न जीवन की हॉबी अधिक बनने लगता है। सप्ताहांत में साहित्य, शाम को कविता, महीने में एक गोष्ठी और वर्ष में एक पुस्तक—साहित्य का यह नया कैलेंडर देखने में बहुत सुंदर है। इसमें लेखक प्रसन्न है, आयोजक प्रसन्न है, श्रोता प्रसन्न हैं और तस्वीरों में साहित्य भी प्रसन्न दिखाई देता है। बस वह आदमी दिखाई नहीं देता जो पूरे दिन ईंट ढोकर लौटा है और जिसके पास अपनी थकान को कविता में बदलने के लिए न समय है, न मंच।

साहित्यिक गोष्ठियों का स्वरूप भी इस बदलाव से अछूता नहीं है। अनेक आयोजन अब साहित्यिक विमर्श से अधिक सामाजिक मेल-मिलाप जैसे लगने लगे हैं। एक-दूसरे को सुनना, एक-दूसरे की प्रशंसा करना, तस्वीरें खिंचवाना और अगली गोष्ठी में फिर मिलना—कभी-कभी साहित्य का यह संसार किटी पार्टी के अधिक निकट दिखाई देता है। फर्क इतना है कि किटी पार्टी में बचत की चर्चा होती है और साहित्यिक गोष्ठी में समाज बचाने की।

विडंबना तब और बढ़ जाती है जब अभाव में जी रहे लोगों के बारे में निर्णय लेने का अधिकार भी सम्पन्न वर्ग अपने पास सुरक्षित रख लेता है। प्याज महंगा हो गया है तो प्याज छोड़ दीजिए। शक्कर महंगी है तो शक्कर वैसे भी स्वास्थ्य के लिए अच्छी नहीं। दूध महंगा है तो चाय कम कर दीजिए। फल महंगे हैं तो मौसमी फल खाइए। गरीब को मुफ्त भोजन मिल रहा है तो यह भी सोचिए कि उसका खर्च हमारे टैक्स से क्यों उठाया जा रहा है।

इन तर्कों में एक विचित्र सुविधा छिपी है। जिस चीज की कीमत बढ़ती है, सम्पन्न व्यक्ति उसके विकल्प खोज लेता है और फिर उसे जीवन-दर्शन का नाम दे देता है। गरीब के लिए महंगाई पेट पर पड़ती है, सम्पन्न के लिए वह खान-पान की पसंद बदलने का अवसर बन जाती है। गरीब के लिए प्याज छोड़ना भोजन का स्वाद छोड़ना है; सम्पन्न के लिए यह स्वास्थ्य-सुधार की सलाह है।

सबसे बड़ी विडंबना यह है कि समाज के वंचित वर्ग के जीवन पर सबसे अधिक लेखन वही लोग करते हैं जिनके जीवन में उस अभाव का प्रत्यक्ष अनुभव नहीं है। यह जरूरी नहीं कि लेखक स्वयं हर पीड़ा से गुजरे तभी उसके बारे में लिख सके। संवेदना कल्पना को अनुभव के निकट ले जा सकती है। लेकिन जिस समाज में पीड़ित स्वयं बोलने की स्थिति में न हो और उसकी ओर से बोलने वाले भी उसी वर्ग से आते रहें जिसके पास साधन और मंच दोनों हैं, वहां प्रतिनिधित्व का प्रश्न उठना स्वाभाविक है।

गरीब की कहानी लिखना और गरीब को अपनी कहानी लिखने का अवसर देना दो अलग बातें हैं।

पहली स्थिति में गरीब साहित्य का विषय है। दूसरी स्थिति में वह साहित्य का सृजनकर्ता बनता है। साहित्य का लोकतंत्र तभी पूर्ण होगा जब दूसरी स्थिति भी मजबूत होगी।

इसके लिए साहित्यिक संस्थाओं और पत्र-पत्रिकाओं को अपने दायित्व पर पुनर्विचार करना होगा। आर्थिक रूप से कमजोर लेखकों के लिए निःशुल्क या कम लागत वाले मंच तैयार करने होंगे। नई प्रतिभाओं को प्रकाशन के अवसर देने होंगे। जहां संभव हो, लेखन का मानदेय सुनिश्चित करना होगा। साहित्यिक आयोजन केवल पहले से पहचाने हुए चेहरों का उत्सव न बनकर उन आवाजों की तलाश भी करें जो अभी तक मंच तक नहीं पहुंची हैं।

यह भी आवश्यक है कि साहित्यकार अभाव को केवल एक आकर्षक विषय की तरह न देखें। गरीबी को साहित्यिक सौंदर्यशास्त्र में बदल देना आसान है। किसी मजदूर की फटी कमीज पर कविता लिखना आसान है, लेकिन उस मजदूर की बात सुनना कठिन है। किसान की आत्महत्या पर संवेदनशील लेख लिखना आसान है, लेकिन कृषि व्यवस्था की जटिलताओं को समझना कठिन है। भूख पर कहानी लिखना आसान है, लेकिन भूखे आदमी को सम्मान के साथ भोजन उपलब्ध कराने की सामाजिक जिम्मेदारी स्वीकार करना कठिन है।

साहित्य की संवेदना अगर जीवन में उतरती ही नहीं, तो वह केवल शब्दों की सजावट बनकर रह जाती है।

हमें यह भी समझना होगा कि साहित्य का उद्देश्य केवल मनोरंजन या प्रतिष्ठा प्राप्त करना नहीं है। साहित्य समाज की स्मृति भी है और उसकी अंतरात्मा भी। यदि उसमें केवल सम्पन्न वर्ग की आकांक्षाएं, यात्राएं, अकेलापन, प्रेम, अवसाद और सुविधाएं दर्ज होंगी और करोड़ों लोगों का संघर्ष केवल आंकड़ों में रह जाएगा, तो आने वाली पीढ़ियां हमारे समय को किस साहित्य से समझेंगी?

एक ऐसा साहित्य जिसमें महंगे रेस्तरां की मेज पर बैठकर भूख पर चर्चा तो हो, लेकिन भूखे आदमी की आवाज न हो, वह कितना भी कलात्मक क्यों न हो, अधूरा रहेगा।

हमें साहित्य को फिर से समाज के बीच ले जाना होगा। पुस्तकालयों को केवल शहरों के सभागारों से बाहर निकालना होगा। साहित्यिक मंचों को उन बस्तियों, गांवों, मजदूर इलाकों और छोटे कस्बों तक पहुंचना होगा जहां जीवन अपनी सबसे वास्तविक कहानियां लिख रहा है। वहां शायद भाषा कुछ अलग मिले, व्याकरण कुछ कमजोर मिले, लेकिन जीवन अधिक सच्चा मिलेगा। साहित्य की सबसे बड़ी ताकत उसकी भाषा की चमक नहीं, उसकी संवेदना की सच्चाई है।

जिस दिन साहित्य में गरीब पर लिखने वाले बहुत होंगे, लेकिन गरीब स्वयं लिखने वाला कोई नहीं होगा, उस दिन हमें अपने साहित्य की सम्पन्नता पर फिर से विचार करना चाहिए।

और शायद तब यह सवाल भी पूछना चाहिए—क्या हमारा साहित्य सचमुच समाज का आईना है, या फिर केवल उन लोगों का दर्पण है जिनके पास उसे खरीदने और उसमें अपना चेहरा देखने की सुविधा है?

ब्रजेश कानूनगो


No comments:

Post a Comment