Friday, 25 September 2026

शून्य का गौरव, गणित की चुनौती

शून्य का गौरव, गणित की चुनौती

भारत में गणित केवल एक विषय नहीं रहा, वह ज्ञान-परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। शून्य की अवधारणा से लेकर दशमलव पद्धति, बीजगणित, त्रिकोणमिति और खगोल संबंधी गणनाओं तक भारतीय गणितज्ञों ने विश्व ज्ञान को महत्वपूर्ण योगदान दिया। आर्यभट, ब्रह्मगुप्त, भास्कराचार्य और माधव जैसे नाम इस परंपरा के प्रतिनिधि हैं।

लेकिन इतिहास का गौरव वर्तमान की गारंटी नहीं होता।आज दुनिया के स्कूली विद्यार्थियों की गणितीय क्षमता का अंतरराष्ट्रीय आकलन हमें इसी बिंदु पर ठहरकर सोचने का अवसर देता है। पीसा - 2025 (PISA-2025) में 15 वर्षीय विद्यार्थियों के गणितीय प्रदर्शन में सिंगापुर और चीन के कुछ भाग लेने वाले क्षेत्रों सहित कई एशियाई शिक्षा-व्यवस्थाएँ शीर्ष स्तर पर रहीं। भारत इस चक्र में शामिल नहीं था और चीन का प्रतिनिधित्व भी पूरे देश ने नहीं, बल्कि चार क्षेत्रों ने किया था। इसलिए इसे भारत की कोई आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय रैंक मानना सही नहीं होगा। फिर भी इससे उठने वाला सवाल भारत के लिए महत्वपूर्ण है।

गणित: याद करने का विषय है या सोचने का औजार? इस बात पर अवश्य गौर किया जाना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय मूल्यांकन की असली चुनौती अंकों से ज्यादा उस दृष्टिकोण में है, जिससे गणित को देखा जाता है। क्या विद्यार्थी किसी सूत्र को याद करके सवाल हल कर सकता है, या वह यह भी समझता है कि उस सूत्र की जरूरत क्यों पड़ी? क्या वह बदली हुई परिस्थिति में उसी ज्ञान का इस्तेमाल कर सकता है? क्या वह किसी समस्या को पहचानकर उसे गणितीय समस्या में बदल सकता है?

इन सवालों के साथ हमारी शिक्षा-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। भारतीय स्कूलों में गणित लंबे समय तक परीक्षा-केंद्रित विषय बना रहा है। सूत्र याद करना, उदाहरण हल करना और उसी तरह के प्रश्न परीक्षा में हल कर देना सफलता का सामान्य रास्ता रहा है। इससे गणना-कौशल विकसित हो सकता है, लेकिन गणितीय सोच जरूरी नहीं कि विकसित हो।

बच्चे को यह सिखाने की जरूरत है कि गणित केवल ‘सही उत्तर’ तक पहुँचने का नाम नहीं है। गलत उत्तर तक पहुँचने की प्रक्रिया भी सीखने का हिस्सा हो सकती है। एक सवाल के कई रास्ते हो सकते हैं। किसी निष्कर्ष पर पहुँचने से अधिक महत्वपूर्ण कभी-कभी यह समझना होता है कि उस निष्कर्ष तक पहुँचा कैसे गया।

राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा-2023 में भी अवधारणात्मक समझ, समस्या-समाधान, विश्लेषणात्मक चिंतन और रटने से आगे बढ़ने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है। यह स्वीकारोक्ति बताती है कि समस्या की पहचान हो चुकी है। अब चुनौती उसे कक्षा में बदलने की है।

अब समय आ गया है कि इस संदर्भ में विरासत को आत्ममंथन में बदलना होगा। भारत की समस्या केवल पाठ्यक्रम की नहीं है। अच्छे शिक्षक, शिक्षक-प्रशिक्षण, कक्षाओं का आकार, सीखने के संसाधन, भाषा, सामाजिक-आर्थिक असमानता और परीक्षा की प्रकृति—सब मिलकर बच्चे की सीखने की क्षमता तय करते हैं।

एक बच्चे को गणित के सवालों से खेलने, प्रयोग करने और सवाल पूछने का अवसर मिलता है; दूसरे बच्चे के सामने पाठ्यक्रम पूरा करने और परीक्षा में अंक लाने का दबाव होता है। ऐसे में दोनों से समान परिणाम की अपेक्षा करना भी उचित नहीं।

इसलिए चीन या सिंगापुर की सफलता को देखकर केवल यह निष्कर्ष निकालना कि भारतीय बच्चों को अधिक घंटे पढ़ना चाहिए, समस्या को बहुत छोटा कर देना होगा। महत्वपूर्ण यह है कि हम उनकी शिक्षा-व्यवस्था में उन तत्वों को पहचानें जो विद्यार्थियों में अवधारणात्मक समझ, नियमित अभ्यास, समस्या-समाधान और तार्किक चिंतन विकसित करते हैं।

इसके लिए भारत को किसी दूसरे देश की शिक्षा-व्यवस्था की नकल करने की जरूरत नहीं है। उसे बस अपनी परिस्थितियों के अनुकूल बेहतर व्यवस्था बनानी होगी। हमारी सबसे बड़ी विडंबना शायद यह है कि हम भारतीय गणित की महान परंपरा पर गर्व तो बहुत करते हैं, लेकिन उस परंपरा की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता—जिज्ञासा और प्रश्न करने की प्रवृत्ति—को शिक्षा में पर्याप्त स्थान नहीं देते। आर्यभट को याद करना आसान है, आर्यभट जैसी जिज्ञासा पैदा करना कठिन। ब्रह्मगुप्त के शून्य को पढ़ाना आसान है, बच्चे को यह समझाना कठिन कि किसी स्थापित उत्तर पर भी सवाल उठाया जा सकता है।

गणित की शिक्षा का लक्ष्य केवल इंजीनियर, वैज्ञानिक या गणितज्ञ तैयार करना नहीं होना चाहिए। गणित तार्किक नागरिक भी तैयार करता है—ऐसे नागरिक जो किसी संख्या, दावे या आंकड़े को देखकर उसके पीछे का तर्क पूछ सकें। आज के सूचना-युग में यह क्षमता और भी जरूरी है। आंकड़ों की भरमार के बीच भ्रम और तथ्य में अंतर करना, प्रतिशत और वास्तविक संख्या का फर्क समझना, किसी दावे के पीछे छिपी गणना को देख पाना—ये सब गणितीय समझ के ही विस्तार हैं। अंतरराष्ट्रीय आकलनों को भारत के लिए हीनभावना का कारण बनाने की जरूरत नहीं है। उन्हें आत्ममंथन का अवसर बनाना चाहिए।

शून्य हमारा गौरव है, लेकिन शून्य पर ठहर जाना हमारी नियति नहीं हो सकती। भारत की गणितीय परंपरा का सच्चा सम्मान तभी होगा, जब हमारी कक्षाओं में बच्चे केवल पुराने गणितज्ञों के नाम याद करने की बजाए  नए सवाल पूछें, नए तरीके खोजें और दिए हुए उत्तरों पर भी विचार करने का साहस रखें। किसी देश की गणितीय शक्ति उसके अतीत में मौजूद महान गणितज्ञों की संख्या से नहीं, वर्तमान पीढ़ी में पैदा हो रही गणितीय जिज्ञासा से तय होती है।

ब्रजेश कानूनगो 

No comments:

Post a Comment