Tuesday, 3 November 2026

नेताओं के घटिया बयानों की प्रवृत्ति का सच

नेताओं के घटिया बयानों की प्रवृत्ति का सच

राजनीति में भाषा केवल विचारों को व्यक्त करने का माध्यम नहीं होती, बल्कि वह नेतृत्व की दृष्टि, संस्कार, वैचारिक प्रतिबद्धता और लोकतांत्रिक समझ का भी परिचय देती है। इसलिए जब सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण पदों पर बैठे नेताओं के बयान लगातार अपने स्तर से नीचे गिरते दिखाई देते हैं, तो चिंता केवल उनके शब्दों को लेकर नहीं होनी चाहिए। यह चिंता उस पूरी सामाजिक और राजनीतिक प्रक्रिया को लेकर होनी चाहिए, जिसने ऐसी भाषा को सामान्य और कई बार स्वीकार्य बना दिया है।

नेताओं के बयानों के गिरते स्तर पर टिप्पणी करने से पहले एक कठिनाई यह भी है कि आखिर बड़े नेता हम किन्हें मानें? क्या केवल बड़े पदों पर बैठे या बड़ी राजनीतिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले जनप्रतिनिधि ही बड़े नेता कहलाने के अधिकारी हैं? नेतृत्व का वास्तविक अर्थ तो समाज को दिशा देना, विचारों में उदारता रखना, असहमतियों का सम्मान करना और अपने आचरण से सार्वजनिक जीवन के लिए उदाहरण प्रस्तुत करना है। इस कसौटी पर देखें तो आज नेतृत्व की अवधारणा और उसकी वास्तविक भूमिका के बीच एक बड़ी दूरी दिखाई देती है।

घटिया, अमर्यादित और विवादास्पद बयान आज राजनीतिक समाचारों का नियमित हिस्सा बन चुके हैं। कभी किसी समुदाय, जाति या धर्म को लेकर टिप्पणी होती है, कभी महिलाओं और विरोधियों के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया जाता है, तो कभी निजी जीवन और पारिवारिक संदर्भों को राजनीतिक हमले का हथियार बना लिया जाता है। कई बार बयान का मूल विषय पीछे छूट जाता है और विवादित शब्द ही चर्चा का केंद्र बन जाते हैं। यह सब अचानक नहीं हुआ है। नेताओं की भाषा में आया यह पतन एक लंबी सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक प्रक्रिया का परिणाम है।

पिछले पाँच दशकों में हमारे समाज में धीरे-धीरे ऐसे परिवर्तन हुए हैं, जिन्होंने सामूहिक आचार-विचार, सामाजिक सहिष्णुता और नैतिक मूल्यों को प्रभावित किया है। व्यक्तिगत स्वार्थ ने सामूहिक विवेक को पीछे धकेला है। सफलता के शॉर्टकट की अंधी दौड़ ने संघर्ष, सच्चाई और ईमानदारी के लंबे रास्ते को लगभग अप्रासंगिक बना दिया है। सामाजिक प्रतिष्ठा का आधार भी धीरे-धीरे ज्ञान, अनुभव और रचनात्मक योगदान के बजाय धन, सत्ता, लोकप्रियता और प्रभाव प्रदर्शन होता चला गया। राजनीति भी इस सामाजिक परिवर्तन से अछूती नहीं रह सकती थी।

हमारे बुजुर्ग और गुरुजन कभी एक पूरी पीढ़ी को विचारवान, कर्मशील और सहिष्णु बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे। परिवार, विद्यालय, साहित्य, सामाजिक संस्थाएं और सार्वजनिक आंदोलन मिलकर व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण करते थे। अब इन संस्थाओं की भूमिका और प्रभाव दोनों में कमी दिखाई देती है। संस्कारों के स्थान पर सफलता की प्रतिस्पर्धा ने ले लिया है। किसी व्यक्ति की उपलब्धि का मूल्यांकन इस बात से अधिक होने लगा है कि उसने कितनी जल्दी कितना हासिल किया, न कि इस आधार पर कि उसने समाज को क्या दिया। ऐसे वातावरण में राजनीति से नैतिक आदर्शों और सार्वजनिक मर्यादाओं की अपेक्षा करना कठिन होता जा रहा है।

नेताओं की बयानबाजी में आई गिरावट के पीछे राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का बदलता स्वरूप भी एक बड़ा कारण है। पहले राजनीतिक दलों के बीच नीतियों, कार्यक्रमों, विचारधाराओं और विकास के मॉडल को लेकर बहस होती थी। मतभेद होते थे, तीखी आलोचनाएं भी होती थीं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में व्यक्तिगत मर्यादा और भाषाई संयम का कुछ महत्व बना रहता था। अब कई बार राजनीतिक विमर्श का केंद्र वास्तविक मुद्दों के बजाय विरोधी को नीचा दिखाना बन जाता है। बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक असमानता जैसे सवालों पर गंभीर बहस की अपेक्षा ऐसे बयान अधिक चर्चा में आ जाते हैं, जिनसे तत्काल विवाद पैदा हो सके।

इस प्रवृत्ति को बढ़ावा देने में चौबीस घंटे सक्रिय समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया की भूमिका को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। आज किसी नेता का कुछ सेकंड का बयान देशव्यापी चर्चा का विषय बन सकता है। टेलीविजन की बहसों में कई बार तर्कों से अधिक तीखे शब्दों और उत्तेजक प्रतिक्रियाओं को जगह मिलती है। सोशल मीडिया पर भी आक्रामक भाषा, व्यक्तिगत हमले और विवादास्पद टिप्पणियां तेजी से प्रसारित होती हैं। किसी बयान के पीछे का पूरा संदर्भ जाने बिना उसके छोटे-से वीडियो क्लिप को लाखों लोगों तक पहुंचा दिया जाता है। इससे नेता को सुर्खियां मिलती हैं और मीडिया को दर्शक। इस तरह विवाद भी राजनीतिक प्रचार का एक साधन बन जाता है।

अब तो कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल तकनीक के माध्यम से बनाए गए भ्रामक वीडियो तथा परिवर्तित सामग्री ने इस समस्या को और जटिल बना दिया है। निर्वाचन आयोग को भी चुनावी प्रक्रिया में सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग, भ्रामक और कृत्रिम रूप से तैयार सामग्री की पहचान तथा उसके प्रसार पर कार्रवाई के लिए अलग से निर्देश जारी करने पड़े हैं। आयोग ने राजनीतिक दलों को निजी जीवन पर अनावश्यक टिप्पणियों, अपुष्ट आरोपों और समाज में तनाव बढ़ाने वाली भाषा से बचने की सलाह भी दी है। यह तथ्य बताता है कि अब राजनीतिक भाषा का प्रश्न केवल शिष्टाचार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता से भी जुड़ गया है।

लेकिन इसके लिए केवल नेताओं या मीडिया को दोषी ठहराकर हम अपनी जिम्मेदारी से मुक्त नहीं हो सकते। नेताओं के बयानों का एक लक्षित श्रोता वर्ग भी होता है। राजनीतिक दल अपने समर्थकों की भावनाओं, आशंकाओं, पूर्वाग्रहों और अपेक्षाओं को समझकर अपनी भाषा और प्रचार की रणनीति बनाते हैं। यदि समाज का एक बड़ा हिस्सा तर्कपूर्ण संवाद के बजाय उत्तेजक और विभाजनकारी भाषा से प्रभावित होने लगे तो राजनीतिक दलों को भी उसी प्रवृत्ति को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है। इस तरह नेता और समाज एक-दूसरे को प्रभावित करते हुए एक ऐसे दुष्चक्र का निर्माण करते हैं, जिसमें विवेक और सहिष्णुता के लिए जगह कम होती जाती है।

यहां एक महत्वपूर्ण प्रश्न यह भी है कि क्या घटिया बयान देने वाले नेताओं को उनकी अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक व्यवस्था में कभी जवाबदेह बनाया जाता है? यदि कोई नेता सार्वजनिक रूप से अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करता है और उसके बाद भी उसे पार्टी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलती रहती है, तो यह संदेश जाता है कि ऐसी बयानबाजी कोई गंभीर अनुशासनहीनता नहीं है। कई बार विवादास्पद बयान देने वाले व्यक्ति को उलटे अधिक प्रचार और राजनीतिक पहचान मिल जाती है। इसके विपरीत, कोई व्यक्ति विवेकपूर्ण और संतुलित बात करता है तो उसे अपेक्षित सार्वजनिक महत्व नहीं मिल पाता। यह स्थिति राजनीतिक दलों के आंतरिक लोकतंत्र और नेतृत्व चयन की प्रक्रिया पर भी प्रश्नचिह्न लगाती है।

नेतृत्व केवल चुनाव जीतने या भीड़ जुटाने की कला नहीं है। उसमें समाज की विविधता को समझने, विरोधी विचारों को सुनने, कठिन प्रश्नों का सामना करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए दूरदृष्टि विकसित करने की क्षमता भी होनी चाहिए। एक सच्चा नेता अपने समर्थकों को केवल उत्साहित नहीं करता, बल्कि उन्हें बेहतर नागरिक बनने की प्रेरणा भी देता है। वह असहमति को शत्रुता में बदलने के बजाय संवाद का अवसर बनाता है। उसकी भाषा में आत्मविश्वास होता है, अहंकार नहीं; आलोचना होती है, अपमान नहीं; और राजनीतिक दृढ़ता होती है, व्यक्तिगत दुर्भावना नहीं।

इसलिए नेताओं के बयानों के स्तर पर चिंता व्यक्त करने के साथ-साथ हमें उन संस्थाओं और प्रक्रियाओं पर भी विचार करना चाहिए, जो नेतृत्व तैयार करती हैं। राजनीतिक दलों के भीतर विचार-विमर्श, प्रशिक्षण और वैचारिक अध्ययन की परंपरा को मजबूत करना होगा। छात्र राजनीति, सामाजिक आंदोलनों, स्थानीय स्वशासन और नागरिक संस्थाओं को ऐसे नेतृत्व विकास के अवसरों के रूप में विकसित करना होगा, जहां व्यक्ति केवल सत्ता प्राप्त करने की नहीं, बल्कि सार्वजनिक जिम्मेदारी निभाने की शिक्षा भी प्राप्त करे। शिक्षा व्यवस्था में तार्किक चिंतन, संवाद, संवैधानिक मूल्यों और असहमति के सम्मान को पर्याप्त महत्व देना होगा।

मीडिया की भी अपनी एक जवाबदेही है। किसी नेता के विवादास्पद बयान को बार-बार दिखाकर उसे अनावश्यक लोकप्रियता देने के बजाय उसके वास्तविक मुद्दे, तथ्य और सामाजिक प्रभाव पर चर्चा होनी चाहिए। दर्शकों और पाठकों को भी यह समझना होगा कि हर उत्तेजक बयान महत्वपूर्ण राजनीतिक विचार नहीं होता। लोकतंत्र में नागरिकों की भूमिका केवल किसी नेता के समर्थक या विरोधी होने तक सीमित नहीं है। उन्हें सवाल पूछने, तथ्यों की जांच करने और सार्वजनिक जीवन में मर्यादा की अपेक्षा करने का अधिकार भी है।

अंततः नेताओं की घटिया बयानबाजी किसी एक व्यक्ति, दल या राजनीतिक विचारधारा की समस्या भर नहीं है। यह हमारे सामाजिक और राजनीतिक वातावरण में आई व्यापक गिरावट का लक्षण है। यदि हम केवल किसी नेता के एक बयान पर नाराजगी जताकर अगले विवाद का इंतजार करते रहेंगे तो समस्या का समाधान नहीं होगा। असली सवाल यह है कि हम किस तरह का नेतृत्व चाहते हैं और उसे तैयार करने के लिए समाज के स्तर पर क्या कर रहे हैं?

सच तो यह है कि हमें केवल नेताओं के बयानों की भाषा नहीं बदलनी है, बल्कि नेतृत्व पैदा करने वाली पूरी प्रक्रिया को अधिक स्वस्थ, सार्थक और लोकतांत्रिक बनाना है। जब तक समाज में विचारवान, संवेदनशील और नैतिक व्यक्तित्वों को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर नहीं मिलेंगे, तब तक राजनीति में शब्दों का यह अवमूल्यन रुकना कठिन है। आखिर नेता भी इसी समाज से निकलते हैं। यदि समाज अपनी कसौटियां बदलने को तैयार नहीं है तो केवल नेताओं से बदलाव की उम्मीद करना शायद अपने आप को धोखा देना ही होगा।

ब्रजेश कानूनगो


No comments:

Post a Comment