Sunday, 15 November 2026

मानव सभ्यता के साथ बदलती बर्तनो की कहानी

मानव सभ्यता के साथ बदलती बर्तनो की कहानी 


मानव सभ्यता के विकास की कहानी केवल औजारों, पहियों, हथियारों और मशीनों के आविष्कार की कहानी नहीं है। इसमें एक ऐसी वस्तु का इतिहास भी शामिल है, जिसका मनुष्य के दैनिक जीवन से सबसे पुराना और निरंतर संबंध रहा है। वह वस्तु है बर्तन।

आज हमारी रसोई में मिट्टी, पीतल, तांबे, लोहे, एल्युमिनियम, स्टील, कांच और नॉनस्टिक कोटिंग वाले अनेक बर्तन दिखाई देते हैं। इनकी बनावट और उपयोग भले ही अलग-अलग हों, लेकिन इन सबके पीछे मनुष्य की एक मूलभूत आवश्यकता रही है—भोजन को सुरक्षित रखना, पकाना और परोसना। दिलचस्प बात यह है कि बर्तनों का इतिहास केवल खानपान की आदतों में आए बदलाव का इतिहास नहीं है, बल्कि यह मानव की वैज्ञानिक समझ, तकनीकी कौशल और औद्योगिक विकास का भी दस्तावेज है।

पुरातात्विक खोजों से पता चलता है कि मिट्टी के बर्तन बनाने की परंपरा हजारों वर्ष पुरानी है। शुरुआत में मनुष्य भोजन को आग में सीधे भूनता था या गर्म पत्थरों की मदद से पकाता था। मिट्टी को आकार देकर आग में पकाने की तकनीक ने उसे भोजन तैयार करने और रखने के लिए अधिक उपयोगी पात्र उपलब्ध कराए। गीली मिट्टी को मनचाहा आकार देना आसान था, लेकिन सूखने के बाद भी वह पानी में गल सकती थी। आग में पकाने पर मिट्टी के खनिजों की संरचना बदलती है और वह कठोर हो जाती है। अधिक तापमान पर उसके कुछ तत्व आपस में जुड़कर कांच जैसी संरचना भी बना लेते हैं। इसी कारण पकी हुई मिट्टी के बर्तन अधिक टिकाऊ और उपयोगी बन जाते हैं।

बाद में कुम्हार के चाक का विकास हुआ। इससे गोलाकार और समान आकार के बर्तन तेजी से बनाना संभव हुआ। सिंधु घाटी सभ्यता में मिट्टी के बर्तनों का व्यापक उपयोग होता था। वहां से लाल और काले रंग के मृद्भांड, घड़े, कटोरियां, भंडारण पात्र और चित्रकारी से सजे बर्तन मिले हैं। इससे पता चलता है कि बर्तन केवल उपयोग की वस्तु नहीं थे, बल्कि कला और सांस्कृतिक जीवन का हिस्सा भी बन चुके थे।

इन बर्तनों ने भोजन पकाने की पद्धति को भी बदला। अब अनाज उबालना, दाल पकाना और मांस को धीमी आंच पर गलाना संभव हुआ। इससे भोजन की विविधता बढ़ी और मनुष्य की खानपान संबंधी आदतों में महत्वपूर्ण परिवर्तन आया।

मिट्टी के बर्तनों की कुछ सीमाएं थीं। वे गिरने पर टूट सकते थे और अचानक तापमान बदलने पर उनमें दरारें पड़ सकती थीं। धीरे-धीरे मनुष्य ने धातुओं को पहचानना और उन्हें उपयोग में लाना सीखा। तांबा शुरुआती उपयोगी धातुओं में से एक था। बाद में तांबे में टिन मिलाकर कांसा बनाने की तकनीक विकसित हुई। इससे मजबूत और टिकाऊ बर्तन बनने लगे।

तांबे की एक विशेषता यह है कि वह गर्मी का अच्छा संवाहक है। वैज्ञानिक भाषा में किसी पदार्थ की गर्मी को अपने भीतर से आगे पहुंचाने की क्षमता को ऊष्मा चालकता कहते हैं। तांबे में यह क्षमता बहुत अधिक होती है। इसलिए इसके बर्तनों में भोजन अपेक्षाकृत जल्दी गर्म होता है। बाद में लोहे के बर्तनों का प्रचलन बढ़ा। भारी लोहे की कड़ाहियां और तवे लंबे समय तक गर्म रह सकते थे। भारतीय रसोई में इनका उपयोग आज भी जारी है। पीतल और कांसे के बर्तनों ने भी भारतीय घरेलू जीवन में विशेष स्थान बनाया। पीतल तांबे और जस्ते से बनने वाली धातु है। इसे आसानी से अलग-अलग आकारों में ढाला जा सकता है। पूजा-पाठ से लेकर भोजन परोसने तक इसका इस्तेमाल होने लगा।

हालांकि धातुओं के साथ कुछ सावधानियां भी जुड़ी थीं। तांबा अम्लीय खाद्य पदार्थों के संपर्क में आने पर प्रतिक्रिया कर सकता है। बहुत लोगों को स्मरण होगा इसलिए पारंपरिक रूप से तांबे और पीतल के कई बर्तनों के भीतर टिन की कलई की जाती थी। यह परत भोजन और धातु के बीच सुरक्षा कवच का काम करती है।

औद्योगिक क्रांति ने बर्तन निर्माण की दुनिया बदल दी। उन्नीसवीं शताब्दी में एल्युमिनियम का औद्योगिक उत्पादन बढ़ा। यह हल्की धातु है और गर्मी की अच्छी संवाहक भी है। कम वजन और उपयोग में सुविधा के कारण इसके बर्तन लोकप्रिय हुए।
बीसवीं शताब्दी में स्टेनलेस स्टील ने रसोई में अपनी मजबूत जगह बनाई। वर्ष 1913 में इंग्लैंड के वैज्ञानिक हैरी ब्रियरली ने क्रोमियम युक्त ऐसे स्टील का विकास किया, जिसमें जंग लगने की संभावना बहुत कम थी। सामान्य स्टील में क्रोमियम मिलाने से उसकी सतह पर एक बेहद पतली सुरक्षा परत बन जाती है, जो लोहे को हवा और नमी के सीधे संपर्क से बचाती है। इसी गुण के कारण स्टेनलेस स्टील के बर्तन लंबे समय तक टिकते हैं और उनकी सफाई भी आसान होती है।

हालांकि स्टील गर्मी का उतना अच्छा संवाहक नहीं है जितना तांबा या एल्युमिनियम। इसलिए आधुनिक स्टील के कई बर्तनों के तल में एल्युमिनियम या तांबे की अतिरिक्त परत लगाई जाती है, जिससे गर्मी का वितरण बेहतर हो सके। इसी दौर में प्रेशर कुकर, कांच के पात्र, ओवन में इस्तेमाल होने वाले सिरेमिक बर्तन और सिलिकॉन के सांचे भी आधुनिक रसोई का हिस्सा बने।

बर्तनों के इतिहास में नॉनस्टिक तकनीक एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसकी विशेषता यह है कि इसमें भोजन पकाते समय बर्तन की सतह पर खाना चिपकता नहीं। इससे कम तेल में खाना पकाना और बर्तन साफ करना आसान हो जाता है।
इसके पीछे पॉलीटेट्राफ्लुओरोएथिलीन  (पीटीएफई ) नामक रासायनिक पदार्थ है, जिसे टेफ्लॉन के नाम से भी जाना जाता है। वर्ष 1938 में अमेरिकी रसायनशास्त्री रॉय प्लंकेट ने प्रयोग के दौरान संयोगवश इसकी खोज की थी। उन्होंने पाया कि एक गैस से प्रतिक्रिया के बाद सफेद रंग का ऐसा ठोस पदार्थ बना है, जिसकी सतह बेहद चिकनी है और जिस पर दूसरे पदार्थ आसानी से चिपकते नहीं।

बाद में फ्रांसीसी इंजीनियर मार्क ग्रेगोयर ने इस तकनीक को खाना पकाने के बर्तनों में इस्तेमाल करने का विचार विकसित किया। वर्ष 1954 में उन्होंने नॉनस्टिक पैन बनाने के प्रयोग किए और 1956 में टेफल ब्रांड के अंतर्गत इनका व्यावसायिक उत्पादन शुरू हुआ।

आखिर नॉनस्टिक बर्तनों में खाना चिपकता क्यों नहीं? इसका जवाब उनकी आणविक संरचना में है। पीटीएफई में कार्बन और फ्लोरीन के परमाणुओं का विशेष संयोजन होता है। इसकी सतह दूसरे पदार्थों के साथ बहुत कम प्रतिक्रिया करती है। साथ ही इसमें घर्षण भी कम होता है। इसी कारण अंडे, मछली और पनीर जैसे खाद्य पदार्थ भी इस सतह पर आसानी से नहीं चिपकते।

सुविधाजनक होने के बावजूद नॉनस्टिक बर्तनों के स्वास्थ्य और पर्यावरण संबंधी प्रभावों पर सवाल उठते रहे हैं।  समस्या तब पैदा हो सकती है जब खाली नॉनस्टिक पैन को बहुत तेज आंच पर लंबे समय तक गर्म किया जाए। अत्यधिक तापमान पर कोटिंग का विघटन हो सकता है और हानिकारक धुएं निकल सकते हैं। इनके संपर्क में आने से फ्लू जैसे लक्षण हो सकते हैं। पक्षियों के लिए ऐसे धुएं विशेष रूप से खतरनाक हैं। इसलिए नॉनस्टिक बर्तनों को खाली रखकर तेज आंच पर गर्म नहीं करना चाहिए। मध्यम या धीमी आंच पर खाना पकाना बेहतर है। 

आज बर्तन बनाने के लिए ऐसे पदार्थों और तकनीकों पर काम हो रहा है, जो हल्के, टिकाऊ, ऊर्जा की बचत करने वाले और पर्यावरण के अनुकूल हों। बहुस्तरीय स्टील, सिरेमिक कोटिंग और आधुनिक कंपोजिट पदार्थ इसी दिशा के उदाहरण हैं। अब यह भी देखा जा रहा है कि बर्तन बनाने में कितनी ऊर्जा खर्च होती है, उनमें इस्तेमाल रसायनों का पर्यावरण पर क्या प्रभाव पड़ता है और उपयोग के बाद उनका पुनर्चक्रण कितना आसान है।

इस पूरी यात्रा को देखें तो मिट्टी, तांबे, लोहे, स्टील और नॉनस्टिक तक हर दौर में मनुष्य ने प्रकृति के किसी गुण को समझकर उसे अपनी सुविधा के अनुकूल बनाया है। फिर भी किसी एक प्रकार के बर्तन को हर परिस्थिति में सर्वश्रेष्ठ नहीं कहा जा सकता। मिट्टी की हांडी में धीमी आंच पर पकाए भोजन का अपना स्वाद है, लोहे की कड़ाही की अपनी उपयोगिता है और स्टील की टिकाऊ प्रकृति के साथ नॉनस्टिक की सुविधाएं भी अपनी जगह महत्वपूर्ण हैं। मिट्टी के चूल्हे से आधुनिक इंडक्शन तक और मिट्टी के पात्र से नॉनस्टिक पैन तक की यह यात्रा मनुष्य की जिज्ञासा, प्रयोगशीलता और बदलती जीवनशैली की कहानी है।

ब्रजेश कानूनगो 

No comments:

Post a Comment