Wednesday, 4 November 2026

राजमार्ग जो इतिहास की धड़कनों से गुजरते हैं

 राजमार्ग जो इतिहास की धड़कनों से गुजरते हैं

आज जब हम एक्सप्रेसवे, बुलेट ट्रेन और आधुनिक परिवहन नेटवर्क की चर्चा करते हैं, तब  बहुत से पुराने मार्ग और सड़कें हमें याद दिलाती है कि किसी समाज की प्रगति केवल उसकी मंजिलों से नहीं, बल्कि उन रास्तों से भी पहचानी जाती है जो लोगों को एक-दूसरे के करीब लाते हैं। ऐसी कुछ सड़कें सचमुच इतिहास की चलती-फिरती किताबें होती हैं, जिनके पन्ने आज भी खुलते रहते हैं। पिछले दिनों एक घुमक्कड़ के अफगानिस्तान भ्रमण के वीडियो में ऐसे ही एक पन्ने को खुलते हुए देखा, ऐतिहासिक ग्रैंड ट्रंक रोड के एक छोर की झलक मिली तो जिज्ञासा बलवती हो गई।

किसी सड़क का महत्व केवल इस बात से तय नहीं होता कि वह किन शहरों को जोड़ती है और कितनी लंबी है। कुछ सड़कें ऐसी होती हैं जो अपने समय की राजनीति, सत्ता, व्यापार, संस्कृति और सामाजिक बदलावों की भी गवाह बन जाती हैं। ग्रैंड ट्रंक रोड ऐसी ही एक ऐतिहासिक धरोहर है। सदियों से यह मार्ग उपमहाद्वीप के विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ता रहा है। कभी यह साम्राज्यों की शक्ति और सैनिक अभियानों का रास्ता था, कभी व्यापारियों, यात्रियों और तीर्थयात्रियों की आवाजाही का माध्यम और आज आधुनिक परिवहन तथा आर्थिक गतिविधियों की महत्वपूर्ण धुरी है।

इस सड़क का इतिहास प्राचीन भारत के उत्तरापथ से जुड़ता है। उत्तरापथ वह प्रमुख व्यापारिक और आवागमन का मार्ग था, जो उत्तर भारत के नगरों को पूर्व और पश्चिम के क्षेत्रों से जोड़ता था। मौर्यकाल में भी ऐसे मार्गों के विकास और व्यवस्थित उपयोग के प्रमाण मिलते हैं। हालांकि प्राचीन उत्तरापथ और आज की ग्रैंड ट्रंक रोड को एक ही सड़क का अपरिवर्तित स्वरूप मानना उचित नहीं होगा, लेकिन दोनों की भौगोलिक दिशा और संपर्क परंपरा में ऐतिहासिक निरंतरता दिखाई देती है।

इस मार्ग के विकास में सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव 16वीं सदी में शेरशाह सूरी का शासनकाल था। उन्होंने बंगाल से पंजाब और पेशावर की दिशा तक फैले पुराने मार्ग का व्यापक पुनर्निर्माण और विस्तार करवाया। इसे सड़क-ए-आजम कहा जाता था। शेरशाह ने सड़क के किनारे पेड़ लगवाए, कुएं खुदवाए और यात्रियों के ठहरने के लिए सराय बनवाईं। डाक और संदेश पहुंचाने की व्यवस्था भी विकसित की गई। इन सुविधाओं का उद्देश्य केवल यात्रियों को सहूलियत देना नहीं था। विशाल साम्राज्य पर प्रशासनिक नियंत्रण, सेना की आवाजाही, राजस्व संग्रह और व्यापार को सुगम बनाना भी इसके पीछे था।

यहां एक महत्वपूर्ण बात समझने की है कि शेरशाह ने सड़क को केवल आवागमन का रास्ता नहीं, बल्कि शासन और संचार के एक संगठित तंत्र के रूप में विकसित किया। बाद के मुगल शासकों ने भी इस परंपरा को आगे बढ़ाया। अकबर के समय मार्गों पर कोस मीनारें बनवाई गईं, जो यात्रियों को दूरी का अनुमान लगाने में मदद करती थीं। सरायों और बाजारों के आसपास धीरे-धीरे बस्तियां विकसित हुईं। इस तरह सड़क ने नए सामाजिक और आर्थिक केंद्रों को जन्म दिया।

ग्रैंड ट्रंक रोड का महत्व केवल राजनीतिक और प्रशासनिक नहीं था। इसने विभिन्न क्षेत्रों के लोगों के बीच सांस्कृतिक संपर्क भी बढ़ाया। व्यापारी, सैनिक, सूफी, संत, तीर्थयात्री और सामान्य यात्री इसके रास्ते से गुजरते थे। उनके साथ भाषाएं, खानपान, पहनावे, विचार और रीति-रिवाज भी एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र तक पहुंचते थे। इस दृष्टि से यह सड़क भारतीय उपमहाद्वीप की विविधता और सांस्कृतिक साझेदारी का महत्वपूर्ण माध्यम रही है। ब्रिटिश शासन के दौरान इस सड़क को ग्रैंड ट्रंक रोड नाम मिला। उन्नीसवीं सदी में अंग्रेजों ने इसके कई हिस्सों का पुनर्निर्माण और आधुनिकीकरण किया। सड़क को पक्का बनाया गया, नदियों और नालों पर पुल बनाए गए और यातायात की सुविधाएं बढ़ाई गईं। लेकिन इसके पीछे औपनिवेशिक हित भी स्पष्ट थे। अंग्रेजों को सेना की आवाजाही, प्रशासनिक नियंत्रण और कृषि तथा औद्योगिक कच्चे माल को व्यापारिक केंद्रों और बंदरगाहों तक पहुंचाने के लिए बेहतर सड़क संपर्क चाहिए था। 1857 के विद्रोह के दौरान इस मार्ग का सामरिक महत्व विशेष रूप से सामने आया। सेना और रसद की आवाजाही में इसका उपयोग हुआ।

इस प्रकार अलग-अलग समय में अलग-अलग राजनीतिक शक्तियों ने इस सड़क का उपयोग अपनी सत्ता मजबूत करने के लिए किया। मौर्य, सूर, मुगल और ब्रिटिश शासन के दौर में इसके स्वरूप और उपयोग में बदलाव आते रहे, लेकिन इसका महत्व बना रहा।

1947 का विभाजन इस सड़क के इतिहास का एक बड़ा और त्रासद मोड़ था। जिस मार्ग से सदियों तक लोग, सामान और विचार सहजता से एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र तक पहुंचते रहे थे, वह अचानक दो देशों की राजनीतिक सीमाओं में बंट गया। लाहौर, अमृतसर, दिल्ली और पेशावर के बीच पुराने सामाजिक और व्यापारिक संबंध प्रभावित हुए। परिवारों का बिछुड़ना, व्यापारिक नेटवर्क का टूटना और आवाजाही पर प्रतिबंध इस विभाजन के व्यापक परिणाम थे। इस अर्थ में ग्रैंड ट्रंक रोड आज भी उस साझा उपमहाद्वीप की स्मृति को संजोए हुए है, जहां राजनीतिक सीमाएं इतनी कठोर नहीं थीं।

आज भारत में ग्रैंड ट्रंक रोड का मूल मार्ग आधुनिक राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के विभिन्न हिस्सों में समाहित है। दिल्ली से कोलकाता की दिशा में इसका बड़ा हिस्सा राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से जुड़ता है, जबकि दिल्ली से पंजाब और अमृतसर की ओर जाने वाला मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के हिस्सों से होकर गुजरता है। आधुनिक सड़कें, फ्लाईओवर, पुल, बाईपास और एक्सप्रेसवे ने इसके स्वरूप को काफी बदल दिया है।

इस मार्ग के आसपास विकसित हुए शहर भारत की आर्थिक गतिविधियों के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। ग्रैंड ट्रंक रोड की अपनी एक सामाजिक और सांस्कृतिक दुनिया भी है। इसके ढाबे, स्थानीय बाजार और रास्ते के किनारे बसे कस्बे भारत की खानपान और जीवनशैली की विविधता का परिचय देते हैं। ट्रक चालक, छोटे व्यापारी, स्थानीय दुकानदार और दूर-दराज से आने वाले यात्री मिलकर इस सड़क की एक विशिष्ट संस्कृति बनाते हैं। यह सड़क केवल बड़े शहरों को नहीं जोड़ती, बल्कि छोटे कस्बों और गांवों को भी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजार तक पहुंचने का अवसर देती है। हालांकि आधुनिक विकास के साथ कुछ सवाल भी खड़े हुए हैं। चौड़ी सड़कों और तेज यातायात के कारण कई पुराने कस्बों का स्थानीय संपर्क प्रभावित हुआ है। सड़क विस्तार में पर्यावरण, दुर्घटनाओं, पैदल यात्रियों और छोटे कारोबारियों के हितों को पर्याप्त महत्व देना जरूरी है। विकास का अर्थ केवल वाहनों की गति बढ़ाना नहीं, बल्कि रास्ते से जुड़े लोगों के जीवन को भी बेहतर बनाना होना चाहिए।

ग्रैंड ट्रंक रोड का इतिहास हमें बताता है कि सड़कें केवल भौतिक दूरी कम करने का साधन नहीं होतीं। वे अर्थव्यवस्था, संस्कृति और सामाजिक संबंधों को भी आकार देती हैं। इस सड़क ने साम्राज्यों को बनते और टूटते देखा, व्यापार के बदलते स्वरूप को अनुभव किया और विभाजन जैसी ऐतिहासिक त्रासदी को भी झेला। इसकी यात्रा किसी एक शासक या कालखंड की उपलब्धि नहीं, बल्कि अनेक सभ्यताओं और पीढ़ियों के योगदान का परिणाम है।

ब्रजेश कानूनगो 

No comments:

Post a Comment