Tuesday, 6 October 2026

क्या हम वास्तव में सेमीकंडक्टर शक्ति बनने की दिशा में बढ़ रहे हैं !

 क्या हम वास्तव में सेमीकंडक्टर शक्ति बनने की दिशा में बढ़ रहे हैं !

खबर सुर्खियों में है कि असम के जागीरोड (मोरीगांव) में बन रहा टाटा समूह का सेमीकंडक्टर प्लांट जो देश का सबसे बड़ा सेमीकंडक्टर प्लांट है, इस पर लगभग 27,000 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। पूरी तरह चालू होने पर इस प्लांट में प्रतिदिन करीब 4.8 करोड़ (48 मिलियन) सेमीकंडक्टर चिप्स तैयार और पैक किए जाएंगे।  यह अल्ट्रा-मॉडर्न प्लांट लगभग 592 एकड़ जमीन पर फैला हुआ है। बताया जाता है, यहां वायर बॉन्ड, फ्लिपचिप और इंटीग्रेटेड सिस्टम पैकेजिंग (ISIP) जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। उम्मीद की जा रही है इस प्रोजेक्ट से क्षेत्र में लगभग 27,000 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। प्लांट का ट्रायल रन शुरू हो चुका है और वाणिज्यिक उत्पादन जल्द ही शुरू होने की संभावना है।

मोबाइल फोन हमारी हथेली में है, कार सड़क पर दौड़ रही है, अस्पताल में जांच हो रही है और कृत्रिम बुद्धिमत्ता कुछ ही क्षणों में जटिल गणनाएं कर रही है। इन सबके पीछे एक ऐसी तकनीक काम कर रही है, जो दिखाई नहीं देती, लेकिन जिसके बिना आधुनिक जीवन की कल्पना कठिन है, वह है सेमीकंडक्टर। इसे सामान्य भाषा में ‘चिप’ कहा जाता है। यह छोटा-सा उपकरण आज केवल इलेक्ट्रॉनिक सामान का हिस्सा नहीं, बल्कि किसी देश की औद्योगिक क्षमता, तकनीकी आत्मनिर्भरता और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा विषय बन चुका है।

सेमीकंडक्टर आखिर है क्या? दरअसल, सेमीकंडक्टर ऐसी सामग्री है जिसकी विद्युत प्रवाह को नियंत्रित करने की क्षमता चालक और कुचालक के बीच होती है। सिलिकॉन इसका सबसे अधिक इस्तेमाल होने वाला पदार्थ है।

इसी विशेषता का उपयोग करके ट्रांजिस्टर बनाए जाते हैं। करोड़ों-अरबों ट्रांजिस्टरों को एक छोटे से टुकड़े पर व्यवस्थित करके इंटीग्रेटेड सर्किट और माइक्रोचिप तैयार की जाती है।

यही चिप मोबाइल में गणना करती है, कैमरे की तस्वीर को संसाधित करती है, कंप्यूटर में डेटा का विश्लेषण करती है, कार में सेंसरों से मिली सूचना को समझती है और AI के लिए आवश्यक भारी गणनाएं करती है। इसलिए चिप को आधुनिक मशीनों का ‘दिमाग’ कहना गलत नहीं होगा।

आज सेमीकंडक्टर का उपयोग मोबाइल, कंप्यूटर और टेलीविजन तक सीमित नहीं है। इलेक्ट्रिक वाहन, ड्रोन, उपग्रह, बैंकिंग व्यवस्था, चिकित्सा उपकरण, स्मार्ट मीटर, 5G नेटवर्क, रक्षा प्रणाली और डेटा सेंटर—लगभग हर आधुनिक क्षेत्र में चिप की जरूरत है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते इस्तेमाल ने इसकी मांग को और बढ़ा दिया है। AI के लिए जिस गति से डेटा का प्रसंस्करण करना पड़ता है, उसके लिए अत्यधिक शक्तिशाली प्रोसेसर और मेमोरी चिप चाहिए। आने वाले समय में जिस देश के पास चिप डिजाइन, निर्माण और आपूर्ति की मजबूत क्षमता होगी, उसकी आर्थिक और रणनीतिक स्थिति भी मजबूत होगी।

एक चिप बनाने के लिए केवल सिलिकॉन पर्याप्त नहीं है। अत्यंत शुद्ध सामग्री, विशेष रसायन, गैसें, अत्याधुनिक मशीनें और धूल-कणों से लगभग मुक्त वातावरण चाहिए। चिप डिजाइन से लेकर वेफर निर्माण, लिथोग्राफी, परीक्षण और पैकेजिंग तक की प्रक्रिया अत्यंत जटिल है। यही कारण है कि पूरी दुनिया में कुछ ही देश इस क्षेत्र में अग्रणी हैं।

आज चीन, ताइवान, दक्षिण कोरिया, जापान और अमेरिका वैश्विक सेमीकंडक्टर उत्पादन क्षमता के प्रमुख केंद्र हैं। ताइवान अत्याधुनिक फाउंड्री निर्माण में विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, जबकि अमेरिका चिप डिजाइन, सॉफ्टवेयर और बौद्धिक संपदा में बहुत मजबूत है। दक्षिण कोरिया मेमोरी चिपों में अग्रणी है और जापान महत्वपूर्ण सामग्री तथा उपकरण उपलब्ध कराता है।

इस पूरी व्यवस्था से एक बात स्पष्ट होती है—सेमीकंडक्टर उद्योग आत्मनिर्भरता से अधिक ‘रणनीतिक निर्भरता’ का खेल है। चीन दुनिया का सबसे बड़ा एकल-देश सेमीकंडक्टर बाजार है। इसका कारण वहां का विशाल इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, ऑटोमोबाइल और औद्योगिक विनिर्माण क्षेत्र है। अमेरिका की स्थिति अलग है। उसकी कंपनियां चिप डिजाइन, एआई  प्रोसेसर, कंप्यूटिंग आर्किटेक्चर और सॉफ्टवेयर में अत्यंत प्रभावशाली हैं।

भारत ने इस क्षेत्र में  देर से कदम उठाया, लेकिन अब गति बढ़ी है। भारत लंबे समय तक चिप डिजाइन और इंजीनियरिंग प्रतिभा के मामले में मजबूत रहा, लेकिन बड़े पैमाने पर चिप निर्माण में पीछे था। सरकार ने 2022 में  सेमिकॉन इंडिया प्रोग्राम शुरू किया। इसे भारत की औद्योगिक नीति में महत्वपूर्ण बदलाव कहा जा सकता है। सरकार का तर्क है कि सेमीकंडक्टर अब सामान्य उद्योग नहीं बल्कि रणनीतिक उद्योग है। वैश्विक तनाव, महामारी और आपूर्ति श्रृंखला में आए व्यवधानों ने दिखाया है कि किसी महत्वपूर्ण तकनीक के लिए दूसरे देशों पर अत्यधिक निर्भरता आर्थिक जोखिम पैदा कर सकती है। सरकार यह भी रेखांकित करती है कि पिछले दशक में भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन और मोबाइल फोन निर्माण में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। सरकार की दृष्टि में सेमीकंडक्टर कार्यक्रम इसी बड़े इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण अभियान का अगला चरण है—यानी केवल फोन जोड़ने के बजाय उनके भीतर लगने वाली महत्वपूर्ण तकनीक की ओर बढ़ना।

इस विषय में  विपक्ष और नीति-विश्लेषकों की ओर से कुछ गंभीर प्रश्न उठाए गए हैं। सबसे बड़ा सवाल है—क्या निवेश की बड़ी घोषणाओं को वास्तविक तकनीकी आत्मनिर्भरता का प्रमाण माना जा सकता है? संसदीय शोध संस्था PRS के विश्लेषण के अनुसार सेमिकॉन इंडिया के लिए आवंटित धन का उपयोग शुरुआती वर्षों में अपेक्षा से कम रहा। 2023-24 में आवंटित राशि का लगभग 23 प्रतिशत और 2024-25 में केवल 9 प्रतिशत उपयोग हुआ था।

यह आंकड़ा सरकार की नीति को असफल साबित नहीं करता, क्योंकि सेमीकंडक्टर संयंत्र स्थापित करने में कई वर्ष लग सकते हैं और प्रोत्साहन भी परियोजनाओं के लक्ष्य पूरे होने पर जारी होते हैं। लेकिन यह प्रश्न जरूर पैदा करता है कि घोषित निवेश और जमीन पर दिखाई देने वाली उत्पादन क्षमता के बीच कितना अंतर है।

दूसरा सवाल यह है कि भारत कहीं चिप उद्योग की कम मूल्य वाली गतिविधियों—जैसे असेंबली, टेस्टिंग और पैकेजिंग—तक ही सीमित न रह जाए। हाल के विश्लेषणों में भी यह चिंता सामने आई है कि बड़ी संख्या में स्वीकृत परियोजनाएं   सेमीकंडक्टर चिप की असेंबली, परीक्षण, अंकन और पैकेजिंग तथा आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट याने  ATMP/OSAT क्षेत्र में हैं, जबकि उच्च मूल्य वाले उन्नत चिप डिजाइन, अत्याधुनिक फैब्रिकेशन और  उन्नत पैकेजिंग में भारत को अभी लंबा रास्ता तय करना है। यही वह बिंदु है जहां विपक्ष की आलोचना को केवल राजनीतिक विरोध कहकर खारिज करना उचित नहीं होगा। दूसरी ओर, इन परियोजनाओं को शुरुआती कदम मानकर आगे की तकनीकी क्षमता विकसित करना भी उतना ही आवश्यक है।

सेमीकंडक्टर निवेश का एक राजनीतिक पहलू भी सामने आया है। कहा गया कि  केंद्र सरकार के लिए निवेश का स्थान तय करते समय जमीन, बिजली, पानी, लॉजिस्टिक्स, औद्योगिक वातावरण और निवेशक की व्यावसायिक जरूरतें भी महत्वपूर्ण होती हैं।

इसलिए यहां असली प्रश्न यह होना चाहिए कि परियोजनाओं का आवंटन पारदर्शी और स्पष्ट मानदंडों पर हो तथा राज्यों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा विकसित हो। सेमीकंडक्टर जैसी दीर्घकालीन परियोजनाओं को केंद्र और राज्य की राजनीतिक प्रतिस्पर्धा से ऊपर रखकर देखा जाना देश के हित में होगा। 

भारत के लिए सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न यही है कि क्या वह केवल दूसरे देशों द्वारा डिजाइन की गई तकनीक को यहां असेंबल करेगा या स्वयं ऐसी तकनीक विकसित भी करेगा जिसका दुनिया उपयोग करे।

सेमीकंडक्टर की पूरी श्रृंखला में डिजाइन, बौद्धिक संपदा, मशीनें, विशेष रसायन, वेफर निर्माण, पैकेजिंग और परीक्षण शामिल हैं। इनमें से किसी एक क्षेत्र में सफलता पर्याप्त नहीं है।

भारत की बड़ी ताकत उसके इंजीनियर और वैज्ञानिक हैं। चिप डिजाइन के क्षेत्र में भारतीय प्रतिभा पहले से विश्वभर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। चुनौती यह है कि इस प्रतिभा को भारतीय कंपनियों, शोध संस्थानों और अपने उत्पादों से जोड़ा जाए।

इसलिए सेमिकॉन इंडिया 2.0 में डिजाइन, अनुसंधान, मशीन और सामग्री पर जोर देना महत्वपूर्ण है।

सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्र में सफलता को केवल यह देखकर नहीं मापा जा सकता कि कितने हजार करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा हुई या कितनी फैक्ट्रियों का उद्घाटन हुआ। सफलता के कुछ अधिक ठोस पैमाने होने चाहिए—भारत में वास्तव में कितनी चिपों का उत्पादन हो रहा है? उनमें भारतीय तकनीक और बौद्धिक संपदा कितनी है? कितनी उच्च-कुशल नौकरियां पैदा हुईं? भारतीय कंपनियां वैश्विक चिप बाजार में कितना हिस्सा हासिल कर रही हैं? क्या भारत महत्वपूर्ण चिपों के लिए आयात पर अपनी निर्भरता घटा रहा है? क्या हमारे विश्वविद्यालय और शोध संस्थान नई चिप तकनीक विकसित कर रहे हैं? इन सवालों के जवाब ही बताएंगे कि भारत केवल ‘चिप निर्माण का नया केंद्र’ बन रहा है या वास्तव में सेमीकंडक्टर शक्ति बनने की दिशा में बढ़ रहा है।

वस्तुतः भारत को केवल फैक्ट्रियां नहीं, पूरी तकनीकी पारिस्थितिकी बनानी जरूरी होगी। आज दुनिया में शक्ति का एक नया समीकरण बन रहा है। जिस देश के पास तेल है, उसकी औद्योगिक शक्ति महत्वपूर्ण हो सकती है; लेकिन जिस देश के पास अत्याधुनिक चिप की डिजाइन, तकनीक और उत्पादन क्षमता है, वह डिजिटल युग की अर्थव्यवस्था को प्रभावित करने की क्षमता रखता है। ऐसे में भारत के सामने इसलिए अवसर भी बड़ा है और परीक्षा भी।

सेमीकंडक्टर आकार में छोटा है, लेकिन इसके भीतर छिपी तकनीकी शक्ति इतनी बड़ी है कि आने वाले समय में देशों की आर्थिक और रणनीतिक हैसियत का एक हिस्सा इसी छोटे-से ‘चिप’ से तय हो सकता है।


ब्रजेश कानूनगो 

No comments:

Post a Comment