पैरा सोशल : एक तरफा नई सामाजिक संस्कृति
भारत में अनेक लोकप्रिय यूट्यूबर या कंटेंट क्रिएटर जब कुछ दिनों तक वीडियो नहीं डालते, तो उनके प्रशंसक चिंतित होकर हजारों संदेश भेजने लगते हैं। ऐसा ही कुछ हमारे साथ भी होता रहा है। घुमक्कड़ दावूद आंकुदजादा की नेपाल यात्रा के जब हम वीडियो देख रहे थे,उसी दौरान नेपाल में हेलीकॉप्टर दुर्घटना का समाचार आया तो हम दावूद को लेकर चिंतित हो उठे और उनकी चैनल पर उनकी खैर खबर जानने को संदेश भी भेजने लगे। ऐसे ही नोमेडिक टूर के ब्लॉगर तोरवाशु वेनेजुएला के जंगलों में भटक गए तो हमारी बेचैनी बढ़ गई। विश्व साइकिल यात्री डॉ राज ने जब कोरोना काल के दौरान बहुत दिनों तक यूट्यूब पर वीडियो अपलोड नहीं किए तो उनके साथ किसी अनहोनी की आशंका में हमारी व्याकुलता बढ़ गई। बाद में जब पता चला कि वे लॉकडाउन में कहीं फंस गए थे और अब स्वस्थ हैं,तब जाकर हमारी बेचैनी दूर हुई।
प्रशंसकों में अक्सर अपने पसंदीदा व्यक्तियों,कलाकारों,घुमक्कड़ों के प्रति इसीतरह का अत्यधिक भावनात्मक जुड़ाव देखा जाता है। क्रिकेट प्रेमियों के लिए कई खिलाड़ी केवल खिलाड़ी नहीं, बल्कि प्रेरणा, आदर्श और भावनात्मक सहारा बन जाते हैं। अनेक पॉडकास्ट श्रोता अपने पसंदीदा वक्ता की आवाज़ को इतना परिचित मानने लगते हैं कि उन्हें लगता है जैसे वे उनके निजी मित्र हों।
डिजिटल युग ने मनुष्य को पहले से कहीं अधिक संलग्न बना दिया है, लेकिन इसी जुड़ाव ने एक नई सामाजिक प्रवृत्ति को जन्म दिया है, जिसे "पैरा सोशल " कहा जाता है। यह शब्द पिछले कुछ वर्षों में विशेष रूप से सोशल मीडिया, यूट्यूब, पॉडकास्ट और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के बढ़ते प्रभाव के कारण अधिक चर्चा में आया है। आज करोड़ों लोग ऐसे व्यक्तियों के जीवन, विचारों और दिनचर्या से भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हैं, जिन्हें उन्होंने कभी वास्तविक जीवन में देखा तक नहीं। यही स्थिति पैरा सोशल संबंधों का आधार है।
'पैरा' ग्रीक भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ है—"समानांतर" या "एकतरफा"। 'सोशल' अर्थात सामाजिक। इस प्रकार पैरा सोशल संबंध वह संबंध है जिसमें एक व्यक्ति किसी सार्वजनिक व्यक्तित्व—जैसे अभिनेता, खिलाड़ी, समाचार प्रस्तोता, यूट्यूबर, इन्फ्लुएंसर या पॉडकास्टर—से भावनात्मक लगाव महसूस करता है, जबकि सामने वाला व्यक्ति उसके अस्तित्व से भी अनजान होता है। यह एक एकतरफा सामाजिक संबंध है।
पैरा सोशल जुड़ाव शब्द का प्रयोग सबसे पहले 1956 में अमेरिकी समाजशास्त्रियों डोनाल्ड हार्टन और रिचर्ड व्हाल ने किया था। उन्होंने देखा कि टेलीविजन के दर्शक समाचार वाचकों और कलाकारों को अपने परिवार के सदस्य जैसा मानने लगते हैं। उस समय यह प्रभाव सीमित था क्योंकि दर्शक केवल टीवी कार्यक्रमों तक ही उनसे जुड़े रहते थे। लेकिन सोशल मीडिया ने इस अवधारणा को पूरी तरह बदल दिया। अब इन्फ्लुएंसर अपने दर्शकों से प्रतिदिन बातचीत करते हैं, निजी जीवन की झलकियाँ दिखाते हैं, लाइव आते हैं और ऐसा वातावरण बनाते हैं मानो वे हर दर्शक के व्यक्तिगत मित्र हों।
दरअसल पहले फिल्मों के अभिनेता केवल पर्दे पर दिखाई देते थे। आज कोई भी लोकप्रिय कंटेंट निर्माता सुबह उठने से लेकर रात के भोजन तक सब कुछ साझा करता है। दर्शकों को लगता है कि वे उसके जीवन का हिस्सा हैं। इसी कारण लाखों लोग किसी यूट्यूबर की सफलता पर खुश होते हैं, उसके बीमार होने पर चिंता करते हैं, उसके विवाह पर भावुक हो जाते हैं और उसके निधन पर वैसे ही शोक मनाते हैं जैसे किसी परिचित व्यक्ति के लिए।
क्या यह हमेशा नकारात्मक है? आवश्यक नहीं। पैरा सोशल संबंध कई बार सकारात्मक भूमिका भी निभाते हैं।अकेलेपन से जूझ रहे लोगों को भावनात्मक सहारा मिलता है।प्रेरणादायक व्यक्तित्व लोगों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन जैसे विषयों पर काम करने वाले डिजिटल विशेषज्ञ लाखों लोगों की सहायता करते हैं। किसी अच्छे लेखक या शिक्षक से प्रेरणा लेकर अनेक युवाओं का जीवन बदल जाता है।
लेकिन इसके खतरे भी कम नहीं। समस्या तब उत्पन्न होती है जब यह संबंध वास्तविक जीवन के रिश्तों का स्थान लेने लगता है। कुछ लोग परिवार और मित्रों से दूरी बनाकर केवल डिजिटल दुनिया में जीने लगते हैं। वे अपने प्रिय इन्फ्लुएंसर की हर बात को अंतिम सत्य मान लेते हैं। आलोचना सहन नहीं कर पाते और सोशल मीडिया पर आक्रामक व्यवहार करने लगते हैं।
कई बार इन्फ्लुएंसर अपने प्रशंसकों के इस भावनात्मक विश्वास का व्यावसायिक लाभ भी उठा लेते हैं। वे किसी उत्पाद, निवेश योजना या जीवनशैली को केवल अपने प्रभाव के कारण लोकप्रिय बना देते हैं, जबकि उसके गुण-दोष पर लोग स्वतंत्र रूप से विचार नहीं करते।
आज राजनीति भी पैरा सोशल संस्कृति का उपयोग कर रही है। अनेक नेता अपनी सार्वजनिक छवि इस प्रकार प्रस्तुत करते हैं कि समर्थकों को उनके साथ व्यक्तिगत निकटता का अनुभव होने लगे। इससे तर्क की जगह भावनाएँ अधिक प्रभावी हो जाती हैं। इसी प्रकार समाचार प्रस्तोता, धार्मिक प्रवचनकर्ता और सोशल मीडिया हस्तियाँ भी अपने अनुयायियों के साथ ऐसा भावनात्मक संबंध बना लेती हैं कि उनके विचारों को बिना प्रश्न किए स्वीकार किया जाने लगता है।
पैरा सोशल संबंध आधुनिक समाज की स्वाभाविक वास्तविकता हैं। समस्या इन संबंधों के अस्तित्व में नहीं, बल्कि उनके असंतुलन में है। यदि कोई व्यक्ति प्रेरणा ले, ज्ञान प्राप्त करे और मनोरंजन का आनंद उठाए, तो यह स्वस्थ संबंध है। लेकिन यदि वह वास्तविक मित्रों, परिवार और सामाजिक जीवन की उपेक्षा करने लगे, तो यह मानसिक और सामाजिक चुनौती बन सकता है।
डिजिटल युग हमें यह अवसर देता है कि हम दुनिया के श्रेष्ठ व्यक्तियों से सीखें। साथ ही यह जिम्मेदारी भी देता है कि हम यह न भूलें कि स्क्रीन पर दिखाई देने वाला अपनापन वास्तविक संबंधों का विकल्प नहीं हो सकता।
पैरा सोशल संबंध 21वीं सदी की सबसे महत्वपूर्ण सामाजिक प्रवृत्तियों में से एक हैं। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, वर्चुअल इन्फ्लुएंसर और डिजिटल अवतारों के दौर में यह प्रवृत्ति और भी गहरी होने की संभावना है। इसलिए डिजिटल साक्षरता का अर्थ केवल तकनीक का उपयोग सीखना नहीं, बल्कि यह समझना भी है कि कौन-सा संबंध वास्तविक है और कौन-सा केवल भावनात्मक अनुभव। स्वस्थ समाज वही होगा जो डिजिटल निकटता और वास्तविक मानवीय रिश्तों के बीच संतुलन बनाए रख सके।
ब्रजेश कानूनगो
No comments:
Post a Comment