ग्रामीण होम स्टे : पर्यटन का मानवीय चेहरा या बाज़ार का नया विस्तार
हाल ही में एक समाचार पढ़ा कि मध्यप्रदेश के चयनित गांवों में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है और 98 से अधिक गांवों में 340 से अधिक होम-स्टे संचालित हो रहे हैं, अब तक 34 हजार से ज्यादा देशी-विदेशी पर्यटक इन गांवों का अनुभव ले चुके हैं। इस महत्वपूर्ण समाचार ने इस विषय पर सोच विचार करने को प्रेरित किया।
पिछले कुछ दशकों में पर्यटन की दुनिया में एक उल्लेखनीय परिवर्तन दिखाई दिया है। कभी पर्यटन का अर्थ केवल बड़े होटल, प्रसिद्ध स्मारक और लोकप्रिय पर्यटन स्थलों तक सीमित माना जाता था। अब पर्यटक केवल किसी स्थान को देखना नहीं चाहते, बल्कि उसे जीना चाहते हैं। वे स्थानीय भोजन का स्वाद लेना, ग्रामीण जीवन को समझना, लोक संस्कृति में सहभागी बनना और प्रकृति के साथ कुछ दिन बिताना चाहते हैं। इसी सोच ने ग्रामीण होम स्टे (Rural Homestay) की अवधारणा को जन्म दिया, जो आज विश्व पर्यटन का एक महत्त्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है। यह केवल ठहरने की व्यवस्था नहीं, बल्कि मेज़बान और अतिथि के बीच विश्वास, संस्कृति और अनुभव का जीवंत संवाद है। हालांकि, जिस प्रकार हर विकास मॉडल के अपने अवसर और चुनौतियाँ होती हैं, उसी प्रकार ग्रामीण होम स्टे भी अनेक सकारात्मक उपलब्धियों के साथ कुछ गंभीर प्रश्न भी सामने खड़े करता है।
घरों में यात्रियों को ठहराने की परंपरा मानव सभ्यता जितनी पुरानी है। भारत में "अतिथि देवो भवः" केवल एक कहावत नहीं, बल्कि सामाजिक संस्कृति का अभिन्न अंग रहा है। गांवों में अजनबियों को भोजन और आश्रय देना सामाजिक दायित्व माना जाता था।
आधुनिक अर्थों में होम स्टे की अवधारणा 1970 और 1980 के दशक में यूरोप तथा दक्षिण-पूर्व एशिया में विकसित हुई। इसका उद्देश्य था कि पर्यटन का लाभ केवल बड़े होटल उद्योग तक सीमित न रहे, बल्कि स्थानीय परिवारों तक भी पहुँचे। बाद में इसे सामुदायिक पर्यटन (Community Based Tourism) और सतत पर्यटन (Sustainable Tourism) के महत्वपूर्ण मॉडल के रूप में स्वीकार किया गया।
भारत में पिछले डेढ़-दो दशकों में ग्रामीण होम स्टे को विशेष प्रोत्साहन मिला है। केरल, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, नागालैंड, मेघालय, लद्दाख, राजस्थान और कर्नाटक जैसे राज्यों ने इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। कोविड-19 महामारी के बाद स्थिति और तेजी से बदली। भीड़भाड़ वाले होटलों की अपेक्षा लोगों ने शांत, प्राकृतिक और छोटे आवासों को प्राथमिकता दी। "वर्क फ्रॉम एनीवेयर" जैसी कार्य संस्कृति ने भी ग्रामीण होम स्टे को नया जीवन दिया।
ग्रामीण होम स्टे की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि पर्यटन से होने वाली आय सीधे स्थानीय परिवारों तक पहुँचती है। पहले जहाँ पर्यटक शहरों के बड़े होटलों में खर्च करते थे, वहीं अब गांव का किसान, गृहिणी, कारीगर, स्थानीय चालक, लोक कलाकार और युवा भी पर्यटन अर्थव्यवस्था का हिस्सा बनने लगे हैं।
इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर उत्पन्न हुए हैं। महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ी है। स्थानीय कृषि उत्पाद, हस्तशिल्प, जैविक भोजन और लोक कलाओं के लिए भी नया बाज़ार तैयार हुआ है। कई गांवों में युवाओं का शहरों की ओर पलायन भी कुछ हद तक कम हुआ है।
होम स्टे का सबसे सुंदर पक्ष यह है कि यह स्थानीय संस्कृति को संग्रहालय की वस्तु नहीं बनने देता, बल्कि उसे जीवंत बनाए रखता है। पर्यटक जब स्थानीय परिवार के साथ भोजन करता है, लोकगीत सुनता है, खेतों में काम देखता है, पारंपरिक व्यंजन बनाना सीखता है या किसी स्थानीय पर्व में भाग लेता है, तब वह केवल दर्शक नहीं रहता बल्कि सहभागी बन जाता है।इससे स्थानीय समुदाय को भी अपनी सांस्कृतिक पहचान पर गर्व का अनुभव होता है।
विशाल होटलों की तुलना में छोटे होम स्टे अपेक्षाकृत कम संसाधनों का उपयोग करते हैं। यदि उनका संचालन जिम्मेदारी से किया जाए तो वे पर्यावरणीय दृष्टि से अधिक टिकाऊ सिद्ध हो सकते हैं। स्थानीय निर्माण सामग्री, स्थानीय भोजन और सीमित संसाधनों का उपयोग कार्बन उत्सर्जन को भी कम करता है।
लेकिन तस्वीर का दूसरा पक्ष भी है। ग्रामीण होम स्टे जितना आकर्षक दिखाई देता है, उसके सामने कुछ गंभीर चुनौतियाँ भी हैं। सबसे पहला खतरा संस्कृति के बाज़ारीकरण का है। जब पर्यटन केवल आय अर्जित करने का माध्यम बन जाता है, तब लोक संस्कृति धीरे-धीरे प्रदर्शन में बदलने लगती है। पारंपरिक त्योहार पर्यटकों के मनोरंजन के लिए आयोजित कार्यक्रम बन सकते हैं और लोक जीवन अपनी स्वाभाविकता खो सकता है। दूसरी चुनौती असमान विकास की है। अक्सर कुछ चुनिंदा परिवार ही आर्थिक लाभ प्राप्त कर पाते हैं जबकि शेष समुदाय उससे वंचित रह जाता है। इससे गांवों के भीतर सामाजिक असंतोष भी उत्पन्न हो सकता है।
यदि किसी छोटे गांव में उसकी क्षमता से अधिक पर्यटक पहुँचने लगें तो जल संकट, कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक प्रदूषण और जैव विविधता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। हिमालयी राज्यों के कुछ क्षेत्रों में यह समस्या पहले से दिखाई देने लगी है, जहाँ पर्यटन के बढ़ते दबाव ने स्थानीय संसाधनों पर अतिरिक्त बोझ डाला है।
होम स्टे में परिवार स्वयं पर्यटकों के साथ रहता है। इससे कई बार निजी जीवन प्रभावित होता है। लगातार बाहरी लोगों का आना-जाना ग्रामीण सामाजिक संरचना, पारिवारिक संबंधों और पारंपरिक जीवन शैली में भी परिवर्तन ला सकता है। सोशल मीडिया आधारित पर्यटन ने भी एक नई समस्या पैदा की है। कई पर्यटक केवल आकर्षक तस्वीरों के लिए गांवों में पहुँचते हैं। इससे वास्तविक अनुभव की अपेक्षा दिखावे की संस्कृति बढ़ती है।
भारत में अभी भी अनेक होम स्टे बिना पर्याप्त प्रशिक्षण के संचालित हो रहे हैं। स्वच्छता, आपदा प्रबंधन, पर्यटकों की सुरक्षा, प्राथमिक चिकित्सा, भाषा कौशल और डिजिटल बुकिंग जैसी व्यवस्थाओं में पर्याप्त सुधार की आवश्यकता है। यदि किसी एक स्थान पर नकारात्मक अनुभव होता है तो उसका प्रभाव पूरे क्षेत्र की पर्यटन छवि पर पड़ सकता है।
इन सबके बावजूद भारत में ग्रामीण होम स्टे को व्यापक स्वीकार्यता मिल रही है। विशेष रूप से हिमालयी राज्यों, पूर्वोत्तर भारत, केरल तथा राजस्थान में इसके सकारात्मक परिणाम दिखाई दिए हैं। अनेक गांवों में स्थानीय आय बढ़ी है, महिलाओं को रोजगार मिला है और पारंपरिक हस्तशिल्प को नया बाज़ार प्राप्त हुआ है।
फिर भी यह कहना जल्दबाज़ी होगी कि यह मॉडल हर क्षेत्र में समान रूप से सफल रहा है। कई स्थानों पर आधारभूत सुविधाओं की कमी, प्रशिक्षण का अभाव, विपणन की सीमाएँ और नीति के असमान क्रियान्वयन जैसी समस्याएँ इसकी गति को सीमित करती हैं।
ग्रामीण होम स्टे केवल पर्यटन उद्योग का नया उत्पाद नहीं, बल्कि मनुष्य और समाज के बीच संवाद का एक संवेदनशील माध्यम है। यह शहर और गांव, आधुनिकता और परंपरा, बाज़ार और संस्कृति के बीच संतुलन स्थापित करने की क्षमता रखता है। किंतु यदि इसका संचालन केवल लाभ कमाने की मानसिकता से किया गया, तो वही मॉडल ग्रामीण संस्कृति के क्षरण का कारण भी बन सकता है।
इसलिए आवश्यकता इस बात की है कि होम स्टे को केवल आर्थिक परियोजना नहीं, बल्कि सांस्कृतिक संरक्षण, सामाजिक सहभागिता और सतत विकास के समन्वित मॉडल के रूप में विकसित किया जाए। तभी यह भारत के ग्रामीण पर्यटन को नई ऊँचाइयों तक ले जा सकेगा और "अतिथि देवो भवः" की परंपरा आधुनिक समय में भी सार्थक बनी रहेगी।
ब्रजेश कानूनगो
No comments:
Post a Comment